भाभी ने भाई को थप्पड़ जड़ा, तो देवर ने खोया आपा; उनकी छोटी बहन को मार दी गोली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


यूपी के कानपुर में कैंट थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पारिवारिक विवाद के बाद बाइक से पहुंचे युवकों ने घर में घुसकर एक महिला को गोली मार दी। वारदात में 30 साल की चांदनी निषाद गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

चांदनी की बहन ने आरोपी के भाई को मारा था तमाचा

पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत पति-पत्नी के विवाद से हुई। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे सरोजनी निषाद के पति संतोष घर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान, सरोजनी ने संतोष को तमाचा मार दिया। इसके बाद संतोष वहां से चला गया। फिर, करीब दो घंटे बाद संतोष का भाई विनोद अपने कुछ साथियों के साथ दो बाइकों से सरोजनी के घर पहुंचा। आरोप है कि घर पहुंचते ही युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया और संतोष को तमाचा मारने को लेकर विवाद करने लगे।

बीच-बचाव करने आई चांदनी को मार दी गोली

इसी दौरान घर में मौजूद सरोजनी की छोटी बहन चांदनी निषाद ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसी बीच विनोद ने तमंचा निकालकर चांदनी को गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल चांदनी को केपीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बदले की कार्रवाई के एंगल से भी हो रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पति-पत्नी के बीच विवाद और उसके बाद बदले की कार्रवाई का एंगल सामने आया है। पुलिस की टीमें नामजद और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वारदात की पूरी वजह स्पष्ट होगी। कानपुर में शव रखकर हाईवे पर हंगामा करने वाले लोगों पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा क्योंकि उन्होंने पुलिसकर्मी का सिर फोड़ दिया था।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- लखनऊ में ट्रांसपोर्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या, नहर में मिला शव; एक दिन पहले से थे लापता





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें