आसिम रियाज के ‘3 महीने बाद पैचअप’ वाले दावे पर हिमांशी खुराना का तीखा पलटवार, बोलीं- काली मंदिरों में नहीं समातीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ के घर से शुरू हुई आसिम रियाज और हिमांशी खुराना की प्रेमकहानी एक बार फिर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई है। लगभग चार साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद अलग हुए इस पूर्व कपल के बीच का पुराना विवाद अब सोशल मीडिया और पॉडकास्ट के जरिए एक बेहद कड़वे मोड़ पर पहुँच चुका है। धर्म परिवर्तन के आरोपों, करियर के दावों और निजी बातचीत के खुलासे के बीच अब हिमांशी खुराना ने माँ काली की तस्वीर शेयर करते हुए एक सांकेतिक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी है।

हिमांशी खुराना का रहस्यमयी पोस्ट और ‘मां काली’ का संदेश

पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट के बाद उठे विवाद और आसिम रियाज के तीखे बयानों पर हिमांशी खुराना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए शांतिपूर्ण लेकिन बेहद सख्त अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। पहले हिमांशी ने धूप से खिलखिलाते दिन की एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘कितना शांतिपूर्ण दिन है।’

himashi khurrana asim riaz

Image Source : HIMASHI KHURRANA ASIM RIAZ INSTAGRAMहिमांशी खुराना का पोस्ट।

हालांकि इसके तुरंत बाद उन्होंने मां काली की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ लिखे संदेश ने नेटिजन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हिमांशी ने लिखा, ‘काली मंदिरों में समाहित नहीं होतीं; वह उस स्त्री में बसती हैं जो झुकने से इनकार कर देती है, जो जलती है, खुद को दोबारा बनाती है और बिना किसी झिझक के फिर से उठ खड़ी होती है।’ हिमांशी की इस पोस्ट को सीधे तौर पर आसिम द्वारा लगाए गए आरोपों के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

आसिम रियाज का बड़ा दावा

पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में हिमांशी द्वारा दिए गए बयानों के बाद आसिम रियाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई तीखे पोस्ट लिखे। आसिम ने दावा किया कि उनके ब्रेकअप के तीन महीने बाद यानी मार्च में हिमांशी ने खुद उन्हें दोबारा रिश्ता शुरू करने के लिए मैसेज किया था। आसिम ने हिमांशी पर निशाना साधते हुए लिखा कि अगर रिश्ता इतना ही खराब था और उसकी वजह से डिप्रेशन, एंग्जायटी या अन्य परेशानियां हो रही थीं, तो उन्होंने दोबारा संपर्क क्यों किया? आसिम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि उनके पास हिमांशी के उन मैसेजेस के स्क्रीनशॉट सुरक्षित हैं और जरूरत पड़ने पर वह उन्हें सार्वजनिक करने से पीछे नहीं हटेंगे। इसके अलावा आसिम ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अपना करियर अपने दम पर बनाया है और इसमें किसी अन्य का कोई योगदान नहीं है।

धर्म परिवर्तन और ब्रेकअप की असली वजह पर क्या बोली थीं हिमांशी?

इस पूरे विवाद की नई लहर तब शुरू हुई जब हिमांशी खुराना ने पारस छाबड़ा के यूट्यूब पॉडकास्ट में शिरकत की। बातचीत के दौरान हिमांशी से जब आसिम के साथ ब्रेकअप की वजह पूछी गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि दोनों के धार्मिक विचार और विश्वास अलग-अलग थे, जो उनके अलग होने का एक मुख्य कारण बना।

हिमांशी ने पॉडकास्ट में कहा, ‘मैं इसे सीधे तौर पर धर्मांतरण नहीं कहूंगी, लेकिन वह अपने धर्म की अच्छी बातें बताते थे और समझाते थे। जो कि अच्छी बात है। वह चाहते थे कि मैं उनके धर्म को समझकर और उसकी अच्छाइयों को देखकर उसे स्वीकार करूं, लेकिन यह मुझे मंजूर नहीं था।’ हिमांशी के मुताबिक वह अपने विश्वास से समझौता नहीं करना चाहती थीं, जिसके कारण दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।

पारस छाबड़ा पर भी आसिम का फूटा गुस्सा

अपने बयानों में आसिम रियाज ने सिर्फ हिमांशी ही नहीं, बल्कि पॉडकास्ट होस्ट पारस छाबड़ा को भी निशाने पर लिया। आसिम ने बरसों पुरानी निजी बातों को कैमरे पर उछालने और उस पर गॉसिप करने के लिए पारस की कड़ी आलोचना की। आसिम ने पारस की शारीरिक बनावट पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि दूसरों की जिंदगी को अपनी कमाई और गॉसिप का जरिया बनाने के बजाय पारस को दूसरों के निजी मामलों पर चर्चा करने में कम समय और जिम में अधिक समय बिताना चाहिए। आसिम का मानना था कि सालों बाद किसी पुराने रिश्ते को लेकर बात करना उस व्यक्ति के चरित्र को दर्शाता है जो सवाल पूछ रहा है।

कैसा रहा दोनों का सफर?

आसिम रियाज और हिमांशी खुराना की पहली मुलाकात 2019 में रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ के दौरान हुई थी। शो के दौरान ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शो खत्म होने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। लगभग चार साल तक साथ रहने के बाद 6 दिसंबर 2023 को दोनों ने आधिकारिक तौर पर अपने ब्रेकअप का ऐलान कर दिया था। उस समय दोनों ने यही कहा था कि उन्होंने अपने-अपने धार्मिक विश्वासों और प्राथमिकताओं को आगे रखते हुए अलग होने का फैसला लिया है। लेकिन हालिया बयानों और सोशल मीडिया वॉर ने यह साबित कर दिया है कि भले ही यह रिश्ता सालों पहले खत्म हो चुका हो, लेकिन इसके आसपास की कड़वाहट आज भी पूरी तरह शांत नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें: कौन हैं श्रिया रेड्डी? ‘महाकाली’ बन पड़ीं अक्षय खन्ना पर भारी, दिग्गज क्रिकेटर की हैं बेटी, दे चुकी हैं 600 करोड़ी फिल्म





Source link

admin_97d7b6
Author: admin_97d7b6

Leave a Comment

और पढ़ें