अगर आपने रेलवे स्टेशन के PRS काउंटर से टिकट खरीदा है और किसी कारण अब यात्रा नहीं करनी है, तो दोबारा स्टेशन जाकर टिकट कैंसिल कराने की जरूरत नहीं है। भारतीय रेलवे यात्रियों को यह सुविधा देता है कि वे घर बैठे ही अपने काउंटर टिकट को IRCTC की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन कैंसिल करा सकते हैं। हालांकि, रिफंड का पैसा पाने के लिए रेलवे के कुछ खास नियमों का पालन करना होता है।
काउंटर टिकट ऑनलाइन कैंसिल करने का प्रोसेस
यदि आपने रेलवे काउंटर से कन्फर्म या वेटिंग टिकट खरीदा है और आपका मोबाइल नंबर टिकट लेते समय दर्ज था, तो आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके इसे रद्द कर सकते हैं:
- सबसे पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट (irctc.co.in) पर जाएं और मेन्यू में ‘Trains’ सेक्शन के तहत ‘Counter Ticket Cancellation’ के ऑप्शन पर क्लिक करें।
- अब अपना 10 अंकों का PNR नंबर, ट्रेन नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें। इसके बाद नियम व शर्तों वाले बॉक्स पर टिक करके सबमिट करें।
- बुकिंग के समय दिए गए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक वन-टाइम पासवर्ड (OTP) आएगा। इसे स्क्रीन पर दर्ज करके सबमिट करें।
- OTP वेरिफाई होते ही आपकी स्क्रीन पर PNR का पूरा विवरण आ जाएगा। जिन यात्रियों का टिकट कैंसिल करना है, उन्हें सिलेक्ट करें और ‘Cancel Ticket’ पर क्लिक करें।
- प्रक्रिया पूरी होते ही स्क्रीन पर रिफंड की राशि और कैंसिलेशन डिटेल्स दिख जाएंगे। साथ ही रजिस्टर्ड मोबाइल पर एक आधिकारिक एसएमएस भी आ जाएगा।
कैसे और कहां से मिलेगा रिफंड?
टिकट ऑनलाइन कैंसिल होने के बाद भी रिफंड की नकदी लेने के लिए आपको किसी निकटतम रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर ही जाना होगा। काउंटर पर जाकर आपको अपनी ओरिजिनल (असली) पेपर टिकट और मोबाइल पर आया कैंसिलेशन मैसेज क्लर्क को दिखाना होगा।
रिफंड क्लेम करने की समय सीमा
- यदि ट्रेन के रवाना होने का समय सुबह 06:00 बजे से शाम 18:00 बजे के बीच है, तो ट्रेन के तय समय से कम से कम 2 घंटे पहले टिकट कैंसिल करके काउंटर से रिफंड लेना होता है।
- यदि ट्रेन का शेड्यूल्ड डिपार्चर शाम 18:00 से सुबह 06:00 बजे के बीच है, तो ट्रेन छूटने से 4 घंटे पहले तक काउंटर पर जाकर रिफंड लिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर रेलवे का तोहफा! दिल्ली से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, चेक करें रूट और टाइमिंग









