बिलासपुर: इस वक्त की बड़ी खबर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से सामने आ रही है। यहां बिलासपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के मुताबिक दिल्ली-बिलासपुर अलायंस एयर की एक फ्लाइट छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर रही थी। इसी दौरान अचानक विमान का टायर फट गया। जानकारी के मुताबिक इस फ्लाइट में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। वहीं टायर फटते ही विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। बिलासपुर की एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि फिलहाल सभी को सुरक्षित रूप से रनवे पर लाया गया है। सभी यात्रियों को बाद में टर्मिनल बिल्डिंग ले जाया गया।
विमान में 41 लोग थे सवार
एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। उन्होंने बताया कि विमान एयरपोर्ट पर उतर रहा था, तभी उसका टायर फट गया। जानकारी के मुताबिक अलायंस एयर के इस विमान (उड़ान संख्या 9आई613) में घटना के समय कुल 41 लोग सवार थे। इनमें 37 यात्री और चालक दल के चार सदस्य मौजूद थे। अधिकारी ने बताया कि लैंडिंग के समय विमान के बाईं ओर का टायर पंचर हो गया।
घटना की जानकारी देते हुए एयरपोर्ट के अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद सभी यात्रियों और चालक दल सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और रनवे से टर्मिनल बिल्डिंग तक लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद विमानन कंपनी ने बिलासपुर से आगे जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया है। इसके अलावा अभी इस मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
दरभंगा एयरपोर्ट पर भी हुआ हादसा
बता दें कि इससे पहले भी ऐसी ही एक घटना बिहार के दरभंगा से सामने आई थी। यहां दरभंगा एयरपोर्ट पर मुंबई से आ रहे स्पाइसजेट के एक विमान का टायर फट गया था। जानकारी के मुताबिक यह हादसा भी लैंडिंग के दौरान ही हुआ था। इस घटना के दौरान विमान में करीब 148 यात्री सवार थे। हालांकि सभी यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
अधिकारियों ने बताया कि स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG-115 सुबह 9:48 बजे रनवे पर उतर रही थी, तभी विमान का एक टायर फट गया। यात्रियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा, जिससे विमान में तेज कंपन महसूस हुआ और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दरभंगा एयरपोर्ट के निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, “विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और सभी यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतार लिया गया। विमान के पूरी तरह रुकते ही हवाई अड्डा प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और सभी 148 यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।”
यह भी पढ़ें-
अजित पवार की तस्वीर वाली पतंग के साथ हवा में उड़ गया युवक, VIDEO आया सामने; लिखा था ‘MISS YOU DADA’








