गुजरात के वडोदरा में पादरा तालुका के मुजपुर गांव में रक्षाबंधन से पहले हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर के पीछे स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे भाई जयदीप पढ़ियार को अचानक बिजली का करंट लग गया। भाई को बचाने दौड़ी बहन मित्तल पढ़ियार भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। रक्षाबंधन के पर्व से ठीक पहले एक साथ दो युवा संतानों की मौत से मुजपुर के रेलेपुरा इलाके में मातम पसरा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पादरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
फुटबॉल खेल रहे 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत
वडोदरा के फतेहगंज इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना न्यू एरा स्कूल के मैदान की है, जहां किशोर फुटबॉल की प्रैक्टिस कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, खेल के दौरान वह बिजली के पोल के पास पहुंचा, तभी अचानक उसे जोरदार करंट लग गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। मैदान पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल एसएसजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगा रही है कि मैदान में बिजली के पोल या वायर में करंट कैसे आया। स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश में करंट लगने से छात्र की मौत
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के दौरान एक निजी स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज लगाते समय ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना शुक्रवार को लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल में हुई। कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि छात्र राज कुशवाह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया।
परिजनों का आरोप
राज के परिजनों ने शनिवार को आरोप लगाया कि कक्षाएं खत्म होने के बाद शुक्रवार करीब दोपहर डेढ़ बजे स्कूल के एक अधिकारी ने उसे वापस बुलाया और राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए छत पर भेज दिया। इसी दौरान वह उच्च-वोल्टेज वाले बिजली के तार की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने घटना की तत्काल सूचना उन्हें नहीं दी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर न्यू कलेक्ट्रेट के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्काजाम कर दिया। जाम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की कार भी फंस गई। मंत्री कार से उतरकर छात्र के परिजनों से मिले और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारी राजपूत ने बताया कि स्कूल के मालिक नंदकिशोर कुशवाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
(वडोदरा से सत्यम नेवास्कर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
सूरत के फार्महाउस में छलकाया जा रहा था जाम, पुलिस ने 8 महिलाओं समेत 22 को किया गिरफ्तार
‘मैं जा रही हूं दुनिया से, पति अपने घर वालों को खुश रखें’, पैर पर लिखकर महिला ने की खुदकुशी








