बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से साइबर अपराध का एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को महिला को गर्भवती करने के नाम पर 8 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया गया और रजिस्ट्रेशन शुल्क व अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर उससे हजारों रुपये ठग लिए गए। मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के सहबाजपुर का है, जहां एक युवक को ‘महिला को गर्भवती करने’ के बदले 8 लाख मिलने का झांसा देकर ठगों ने साइबर ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
फेसबुक पोस्ट देखकर फंसा युवक
पीड़ित संजीव सहनी ने बताया कि कुछ दिन पहले फेसबुक स्क्रॉल करते समय उसे एक पोस्ट दिखाई दी, जिसमें महिला को गर्भवती करने के बदले 8 लाख देने का दावा किया गया था। पोस्ट में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने भरोसा दिलाया कि काम पूरा होने के बाद पूरी राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
कॉन्ट्रैक्ट और रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगे पैसे
आरोप है कि ठगों ने कॉन्ट्रैक्ट तैयार करने, रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर तीन किश्तों में 27000 रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए। 27000 रुपये लेने के बाद भी कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं भेजा गया और आरोप लगाकर और पैसे मांगने लगे। शक होने पर युवक ने दोबारा संपर्क किया, लेकिन ठगों ने फोन उठाना बंद कर दिया। तब युवक को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए कहा कि वह आसान कमाई के प्रलोभन में साइबर ठगों के जाल में फस गया।
जांच में जुटी पुलिस और साइबर सेल
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल संबंधित मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले आसान कमाई, नौकरी या अन्य आकर्षक ऑफरों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन पैसे भेजने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें।
(रिपोर्ट – संजीव कुमार)









