बच्चे केक के दीवाने होते हैं। केक खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। ज्यादातर लोग बाजार से केक खरीदकर खाते हैं जो काफी ज्यादा क्रीमी होता है। अगर आपको ड्राई केक पसंद है तो भी लोग मार्केट से खरीदकर ही खाते हैं। लोगों को लगता है कि केक बनाना काफी मुश्किल काम है। इसके लिए ओवन या माइक्रोवेव की जरूरत पड़ेगी, लेकिन ऐसा नहीं है। आप चाहें तो घर में चुनिंदा चीजों से केक बना सकते हैं। हम आपको केक बनाने की एक बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं, जिसे आप पानी में पका सकते हैं। इस केक को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। फटाफट नोट कर लें कड़ाही में केक बनाने की आसान रेसिपी।
आसान केक रेसिपी
पहला स्टेप- इस केक को बनाने के लिए आपको चार अंडे लेने हैं। अंडे को फोडकर एक ब्लेंडर में डाल दें। इसमें थोड़ा सा दूध डालें और एक कप मैदा डाल दें। स्वादानुसार इसमें चीनी डालें और अच्छी तरह एक स्मूद पेस्ट बनने तक इसे ब्लेंड करें। जब ये अच्छी तरह से ब्लेंड हो जाए तो अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स या चेरी डाल दें। अब बैटर को एक स्टील के बाउल में ट्रांसफर कर दें।
दूसरा स्टेप- अब केक के बैटर वाले बाउल को किसी पॉलिथिन वाली शीट से रैप कर दें। आप चाहें तो ऊपर कोई प्लेट भी रख सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें पकाते समय केक फूलता है और इससे प्लेट गिर सकती है या केक प्लेट पर चिपक सकता है। अगर प्लेट से ढक रहे हैं तो प्लेट ऊपर की ओर थोड़ी उठी हुई होने चाहिए।
तीसरा स्टेप- केक को बेक होने के लिए एक कड़ाही में पानी उबलने के लिए रखें, इसमें केक के बैटर वाले बाउल को रख दें। अब पानी के बर्तन को ढक दें और केक को 40 मिनट तक मीडियम फ्लेम पर पकने दें। आपका एकदम सॉफ्ट और स्पंजी केक बनकर तैयार हो जाएगा। आप इसे हल्का ठंडा होने पर किसी बर्तन में निकाल लें। तैयार है टेस्टी केक, इसे आप बच्चों को टिफिन में भी दे सकते हैं।
इस केक के ऊपर चॉकलेट सीरप डालकर भी आप इसे खा सकते हैं। बिना चॉकलेट सीरप के इसका स्वाद और कलर फ्रूट केक जैसा आता है। ये बच्चों के लिए घर का बना हेल्दी और मजेदार स्नैक्स का ऑप्शन है। एक बार इस तरह केक बनाएंगे तो आपको बहुत आसान लगेगा।









