UP में ‘भारत सरकार’ लिखी कार से पति-पत्नी के अपहरण की कोशिश, मोबाइल की लोकेशन से 3 आरोपी दबोचे गए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के करेली थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात टल गई। घटना में इस्तेमाल की गई कार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

ऑटो से जा रहे थे खांसी की दवा लेने

पीड़ित रमीज़, जो शाहगंज थाना क्षेत्र के बख्शी बाजार के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ठहरे हुए थे। देर रात दोनों ई-ऑटो से खांसी की दवा लेने अपोलो फार्मेसी जा रहे थे। 

ऑटो को कार ने ओवरटेक कर रुकवाया

आरोप है कि पहलवान चौराहे के पास एक सफेद कार ने ई-ऑटो को ओवरटेक कर रुकवा लिया। इसके बाद कार में सवार लोगों ने कथित तौर पर बलपूर्वक दोनों को अपनी कार में बैठा लिया और उन्हें किसी अड्डे पर ले जाने की बात कहने लगे।

कार सवार आरोपियों ने की अश्लील हरकतें

पीड़ित का आरोप है कि कार में आरोपियों ने अश्लील हरकतें भी कीं। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना करेली थाना पुलिस को दे दी। पुलिस के सक्रिय होने की जानकारी मिलने पर आरोपी घबरा गए और पति-पत्नी को कार से धक्का देकर फरार हो गए। हालांकि, इस दौरान पीड़ित का मोबाइल फोन कार में ही छूट गया।

मोबाइल से लोकेशन ट्रेस होने के बाद तीनों गिरफ्तार

मोबाइल फोन के लोकेशन ट्रेस होने के बाद करेली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक अजीत मौर्य, उपनिरीक्षक रोहित नागर और सिपाही युवराज ने घेराबंदी कर शाहगंज क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त कार और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कार में लिखा हुआ था ‘भारत सरकार’

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, आशीष और सूरज के रूप में हुई है। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उन्होंने दंपति को बाहरी व्यक्ति समझकर यह वारदात की। पुलिस के अनुसार, जिस कार का इस्तेमाल किया गया था, उस पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था। इस संबंध में भी जांच की जा रही है कि वाहन पर यह लिखावट किस उद्देश्य से की गई थी।

कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल

थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: 

माफिया अतीक अहमद की मौत के बाद जमीन घोटाले का खुलासा, ₹1, 20,00,00,000 की जमीन जब्त





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें