टैक्स-फ्री सैलरी, लग्जरी लाइफस्टाइल और बेहतर करियर की वजह से दुबई को लेकर भारतीय युवाओं में खास आकर्षण है। लेकिन सोशल मीडिया पर एक भारतीय महिला का वीडियो इन सपनों की सच्चाई बयां कर रहा है। महिला ने साफ शब्दों में कहा, “अगर तनाव सहन नहीं कर सकते तो दुबई मत आइए।” यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और हजारों युवाओं को सोचने पर मजबूर कर रहा है। इसमें चेतावनी दी गई है कि नौकरी की तलाश, वीजा की समय सीमा और लंबे समय तक अनिश्चितता मानसिक रूप से थका देने वाली हो सकती है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @ladligaur नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में लाडली गौर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा— ‘अगर आप तनाव और चुनौतियों का सामना नहीं कर सकते, तो दुबई मत आइए। अगर आप मुश्किलों का सामना करने के लिए तैयार नहीं हैं, तो दुबई आपके लिए सही जगह नहीं है। मुझे तो 12वीं पास कर चुके छात्रों के भी मैसेज मिलते हैं, जो मुझसे दुबई बुलाकर मार्गदर्शन करने को कहते हैं। उन्हें लगता है कि यहां आने के बाद वे सब कुछ संभाल लेंगे। और हां, शायद आप संभाल भी लेंगे, क्योंकि ज्यादातर लोग यहाँ आने के बाद आखिरकार सब कुछ समझ जाते हैं। लेकिन यहां आने से पहले आपको मानसिक रूप से तैयार रहना होगा। विजिट वीजा पर दुबई आना, नौकरी खोजना और फिर अपनी पसंद की नौकरी पाना आसान नहीं है।
जॉब मिलने के बाद की दिक्कतें
महिला ने बताया कि, नौकरी मिलने के बाद भी रोजगार संबंधी दिक्कतें आ सकती हैं क्योंकि ज्यादातर कंपनियां कहती हैं कि वे पहले आपके काम का मूल्यांकन करेंगी और बाद में आपको रोजगार वीजा देंगी। वे लगभग दो महीने तक आपके प्रदर्शन का आकलन कर सकती हैं, लेकिन तब तक आपका विजिट वीजा खत्म हो सकता है, जिससे आपको इसे बढ़ाना पड़ सकता है। इन सबके बीच तीन से चार महीने बीत सकते हैं और आपको पता भी नहीं चलेगा। मैंने खुद कई लोगों को हार मानकर घर लौटते देखा है। कुछ लोग तो सिर्फ दो-तीन महीनों में ही थक जाते हैं। इसलिए खुद से ईमानदारी से पूछें: क्या आप इन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हैं? यदि उत्तर हां है, तो दुबई आएं। अन्यथा शायद न आना ही बेहतर होगा।
लोगों को दी चेतावनी
महिला ने कहा कि वह लोगों को विदेश जाने से कोशिश नहीं कर रही थीं बल्कि वह चाहती थीं कि लोग निर्णय लेने से पहले चुनौतियों को समझ लें। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा था: ‘दोस्तों, मैं आपको झूठी उम्मीद नहीं देना चाहती, लेकिन यह मेरे निजी अनुभव से मिली सच्चाई है। अगर आप यहां आने की योजना बना रहे हैं, तो कृपया हर चीज के लिए तैयार रहें।’
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं और कई दर्शकों ने उनके आकलन से सहमति जताई। एक यूजर ने लिखा, “दुबई में सफलता तनाव के दूसरी तरफ छिपी है।”
जबकि दूसरे ने कहा, “हां, मैं आपसे सहमत हूं।”
एक और ने लिखा कि, “यह बिल्कुल सच है।”
गौरतलब है कि, इससे पहले दुबई में रहने वाली एक भारतीय महिला ने अपना ₹31 लाख रेंट वाला 1BHK दिखाया था, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –









