यूपी के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के बर्रा-7 इलाके में मंगलवार शाम एक किराए के मकान के कमरे में पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस जब कमरे के अंदर दाखिल हुई तो नजारा खौफनाक था। कमरे में पति का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी की लाश नीचे जमीन पर पड़ी हुई थी।
5 दिन पहले ही किराए पर लिया था कमरा
मृतकों की पहचान सचेंडी क्षेत्र निवासी सौरभ सविता (36) और उसकी पत्नी रानी सविता (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों ने करीब 4 महीने पहले ही लव मैरिज की थी और शादी के बाद से ही अपने-अपने परिवारों से अलग रह रहे थे। मृतक दंपत्ति महज 5 दिन पहले ही इस इलाके में किराए का कमरा लेकर रहने आए थे।

Image Source : REPORTER INPUTपरिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
फर्श पर पड़ा था रानी का शव, खिड़की की ग्रिल से लटका मिला सौरभ
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी, स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे में प्रवेश किया तो रानी का शव फर्श पर पड़ा मिला जबकि सौरभ का शव छत के कुंडे से लटका हुआ था। उन्होंने बताया कि एक पड़ोसी ने खिड़की की ग्रिल से कमरे के अंदर सौरभ का शव लटका देखा और तुरंत मकान मालिक को सूचित किया, जिसके बाद घटना सामने आई।
कमरे में बिखरा मिला सिंदूर
फोरेंसिक जांच के दौरान कमरे में सिंदूर बिखरा मिला। रानी की मांग भी सिंदूर से भरी हुई थी, जबकि सौरभ के दाहिने हाथ पर भी सिंदूर लगा था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रानी व सौरभ चचेरे भाई-बहन थे और उन्होंने लगभग 4 महीने पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों ने परिवालों के खिलाफ जाकर शादी की थी। शादी के बाद से दोनों दिल्ली में रह रहे थे और चार-पांच दिन पहले ही वापस लौटकर बर्रा-7 में किराए पर मकान लिया था।
Image Source : REPORTER INPUTमौके पर पहुंची पुलिस।
‘लव मैरिज से खुश नहीं था सौरभ का परिवार’
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लड़की के परिवार वालों ने लड़के के परिजनों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस घटना के पीछे सोची-समझी साजिश है।
रानी के घरवालों का आरोप है कि लव मैरिज से सौरभ का परिवार खुश नहीं था, क्योंकि दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे। परिवार के लगातार दबाव से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी वजह से यह घटना हुई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश की कर रही है कि कहीं पति ने आत्महत्या से पहले पत्नी की हत्या तो नहीं की।
वहीं, एक अन्य मामले में इटावा में शादी के 19 दिन बाद नवदंपती का घर उजड़ गया। नवविवाहित युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
(रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)
यह भी पढ़ें-









