गुजरात में भारी बारिश का सिलसिला जारी है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। वडोदरा के एक हस्टल में शुक्रवार रात पानी भरने लगा। ऐसे में देर रात 150 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। भारी बारिश के बीच सुमनदीप विद्यापीठ के लक्ष्मी हॉस्टल में पानी भर जाने से देर रात अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रात करीब तीन बजे प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वाघोडिया मामलतदार और पुलिस की टीम ने मिलकर हॉस्टल से 100 छात्राओं, 40 छात्रों और 10 श्रमिकों सहित कुल 150 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण सभी लोग सुरक्षित हैं। भारी बारिश के कारण हॉस्टल परिसर में जलभराव होने पर प्रशासन तुरंत हरकत में आया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
सूरत में 1500 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
सूरत में भारी बारिश का असर सबसे ज्यादा हुआ है। यहां 1,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के बाद, 13 जिलों में बहुत ज्यादा बारिश को लेकर ‘रेड अलर्ट’ और सात जिलों में भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। राज्य के राहत आयुक्त गौरव मकवाना ने कहा, ”नर्मदा, आणंद, खेड़ा, छोटा उदेपुर, वडोदरा और सूरत समेत कई जिलों में अच्छी-खासी बारिश हुई है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।”
सूरत में सबसे ज्यादा बारिश
राज्य आपात अभियान केंद्र के डेटा के अनुसार, शुक्रवार को सुबह छह बजे से अपराह्न दो बजे तक सूरत, खेड़ा, आणंद, भरूच और नर्मदा के कई तालुकों में 150 मिलीमीटर (मिमी) ज़्यादा बारिश हुई। सूरत सबसे ज़्यादा प्रभावित जिला है, जहां इस दौरान उमरपाड़ा तालुका में 247 मिमी बारिश दर्ज की गई। सूरत के निगम आयुक्त एम.नागराजन ने कहा, ”शुक्रवार को रेड अलर्ट के बीच, निचले इलाकों में रहने वाले लगभग 1,500 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और भारतीय सेना की टीम तैयार रखी गयी हैं।”
खेड़ा में कई जगहों पर पानी भरा
खेड़ा जिले के नाडियाड में शुक्रवार को अपराह्न दो बजे तक आठ घंटों में 191 मिमी बारिश हुई, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। वासो इलाके में 177 मिमी बारिश हुई। नाडियाड में लोग घुटने तक भरे पानी में चलते हुए दिखे। आणंद जिले के बोरसद में सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक 170 मिमी बारिश हुई। खंभात में 165 मिमी बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार दोपहर से रेड अलर्ट के बीच अहमदाबाद के कई इलाकों में भी बारिश हुई। राहत आयुक्त मकवाना ने बताया कि गुजरात में बारिश से प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ की 17 और एसडीआरएफ की 33 टीम तैनात की गई हैं।
(वडोदरा से सत्यम नेवास्कर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
गुजरात में भारी बारिश का Red Alert जारी, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, लोगों से घर में रहने की अपील









