उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से ऑनर किलिंग का एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव में 1 जुलाई की सुबह पारिवारिक विवाद और गुस्से में आकर एक भाई ने अपनी ही मासूम बहन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बहन अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर भागी, लेकिन सिरफिरे आरोपी भाई ने उसे दौड़ाकर घर के बाहर ही बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक और सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला
मृतका की पहचान सुमिरता के रूप में हुई है, जो राजाराम यादव की पुत्री थी। सुमिरता का नौवनबाग इलाके के रहने वाले अनुराग नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रेम प्रसंग के चलते सुमिरता कुछ समय पहले अनुराग के साथ घर से भाग गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 23 जुलाई को सुमिरता को बरामद किया और कोर्ट में पेश किया। इसके बाद अदालत के आदेश पर सुमिरता को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
भाई ने कहासुनी के बाद घर के बाहर की बहन की हत्या
घर वापस आने के बाद भी परिवार में नाराजगी बनी हुई थी। शनिवार सुबह किसी बात को लेकर भाई कोमल और सुमिरता के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कोमल गुस्से में आकर अपनी बहन को मारने के लिए झपटा। अपनी जान बचाने के लिए सुमिरता कमरे से निकलकर बाहर भागी, लेकिन सिरफिरे भाई ने उसे दौड़ा दिया और घर के बाहर ही बांके से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी।
पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी दुर्गेश सिंह, क्षेत्राधिकारी (सीओ), स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य जुटाए हैं। इस मामले में मृतका के परिजनों ने अपने बेटे कोमल के अलावा प्रेमी अनुराग की बहन और बहनोई नेकपाल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर सभी नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सीतापुर से मोहित मिश्रा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें









