पहले टेस्ट में करारी हार झेलने के बाद पाकिस्तान की टीम अब सीरीज बचाने की चुनौती के साथ मैदान में उतरने जा रही है। वेस्टइंडीज ने पहले मुकाबले में 90 रन से शानदार जीत दर्ज कर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में अब दूसरा और आखिरी टेस्ट पाकिस्तान के लिए करो या मरो जैसा मुकाबला होगा, जबकि मेजबान टीम की नजर सीरीज पर कब्जा जमाने पर होगी। वेस्टइंडीज के पास 26 साल बाद पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज का बेहतरीन मौका है। वेस्टइंडीज ने आखिरी बार पाकिस्तान को साल 2000 में 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से हराया था। यहां गौर करने वाली बात ये भी है कि वेस्टइंडीज में पाकिस्तान की आठ टेस्ट जीतों में से उनकी दो सबसे बड़ी जीत क्वींस पार्क ओवल में आईं हैं। पाकिस्तान ने 1958 में मेजबान टीम को एक पारी और एक रन से हराया था और फिर 1977 में 266 रनों से हराया था।
कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला
दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच रविवार यानी 2 अगस्त से त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में स्थित क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा। बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम पहले टेस्ट की गलतियों से सबक लेकर वापसी करना चाहेगी, वहीं रोस्टन चेज की अगुवाई में वेस्टइंडीज जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा।
भारत में कितने बजे से और कैसे देख पाएंगे मुकाबला?
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 7:00 बजे होगा। भारत में इस टेस्ट मैच की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। भारत में किसी भी टीवी चैनल इस मैच का लाइव टेलीकास्ट नहीं होगा।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
पाकिस्तान की टीम: अजान अवैस, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), सलमान आगा, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आमिर जमाल, अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, उबैद शाह, अब्दुल्ला फजल, सऊद शकील, साजिद खान, गाजी घोरी, अवैस जफर।
वेस्टइंडीज की टीम: टैगेनरीन चंद्रपॉल, ब्रैंडन किंग, कावेम हॉज, आमिर जंगू, शाई होप (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, रोस्टन चेज (कप्तान), केमार रोच, शमर जोसेफ, जोमेल वारिकन, जेडन सील्स, कीमो पॉल, जोशुआ बिशप, किर्क मैकेंजी, जोशुआ डा सिल्वा।
यह भी पढ़ें:
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वॉड में हुआ बदलाव, 31 साल के खिलाड़ी को किया गया टीम में शामिल
श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम का शेड्यूल बदला, अब 3 दिन का होगा वॉर्म-अप मुकाबला









