हॉलीवुड एक्टर टॉम हॉलैंड की फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की है। मार्वल की इस सुपरहीरो फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड पर दुनिया भर में 927 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 8,120 करोड़ रुपये) की भारी-भरकम कमाई के साथ इतिहास रच दिया है और इसी के साथ सिनेमा के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले मार्वल स्टूडियोज की ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ ने ही इससे बड़ी ग्लोबल ओपनिंग हासिल की है। 2019 में रिलीज हुई ‘एवेंजर्सः एंडगेम’ ने दुनियाभर में अपने ओपनिंग वीकेंड पर 1.22 बिलियन अमेरिकी डॉलर (भारतीय रुपये में 10,690 करोड़) का कलेक्शन किया था, जिसका रिकॉर्ड अब तक कोई नहीं तोड़ पाया है। वहीं ‘स्पाइडर-मैन 4’ सोनी पिक्चर्स की अब तक की सबसे बड़ी ग्लोबल ओपनर बन गई है। इसने स्टूडियो की पिछली सभी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
सिर्फ ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ ही आगे है
‘डेडलाइन’ की वर्ल्डवाइड अनुमानित रिपोर्ट के अनुसार, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रविवार तक दुनिया भर में लगभग 927 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का कलेक्शन कर लिया है और इसी के साथ कई बड़े बॉक्स-ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ने वाली फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। टॉम हॉलैंड स्टारर इस फिल्म ने ‘एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर’ (जिसकी वर्ल्डवाइड ओपनिंग 640.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर या लगभग 5,610 करोड़ रुपये थी) और ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ (जिसकी ओपनिंग 600.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर या लगभग 5,260 करोड़ रुपये थी) को भी पीछे छोड़ दिया। अब ओपनिंग वीकेंड पर कमाई के मामले में सिर्फ ‘एवेंजर्सः एंडगेम’ ही इसके आगे है।
भारत में ‘स्पाइडर-मैनः ब्रांड न्यू डे’ का कलेक्शन
‘स्पाइडर-मैनः ब्रांड न्यू डे’ की रिकॉर्ड-तोड़ कमाई में भारत ने भी अहम भूमिका निभाई है। भारत इस फिल्म के लिए सबसे मजबूत विदेशी बाजारों में से एक बन गया है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के अनुसार, 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने ओपनिंग डे पर 60.60 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म ने 49.35 करोड़, तीसरे दिन 70.25 और चौथे दिन यानी रविवार को 76 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। वहीं सोमवार को भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म ने चार दिनों में ही 256 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
भारत में ‘एवेंजर्सः एंडगेम’ को छोड़ा पीछे
‘स्पाइडर-मैन 4’ ने भारत में फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन के मामले में ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ को भी पीछे छोड़ दिया है और इसी के साथ ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ और क्रिस्टोफर नोलन की जुलाई 2026 में रिलीज हुई फिल्म ‘द ओडिसी’ के इंडियन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से आगे निकल गई है। भारत में इतनी तेजी से यह मुकाम हासिल करने वाली ‘स्पाइडर-मैन 4’ पहली हॉलीवुड फिल्म बन गई है।
स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे: कास्ट और कहानी
डेस्टिन डैनियल क्रेटन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में टॉम हॉलैंड पीटर पार्कर के रोल में लीड रोल में हैं। उनके साथ ज़ेंडया, जैकब बैटलन, सैडी सिंक, जॉन बर्नथल और मार्क रफालो जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं। वहीं फिल्म की कहानी की बात करें तो ये ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ की घटनाओं के चार साल बाद की कहानी दिखाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे पीटर पार्कर एक बार फिर अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश में जुटा है, क्योंकि डॉक्टर स्ट्रेंज के जादू ने लोगों के दिमाग से उसकी पहचान की यादें मिटा दी थीं, मगर न्यूयॉर्क में रहते हुए, पीटर स्पाइडर-मैन के तौर पर अपना सफर जारी रखता है और अपने दोस्तों और दुनिया की रक्षा केलिए खतरनाक नए दुश्मनों का सामना करता है।
ये भी पढ़ेंः कौन हैं हिमेश पटेल? क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ में नजर आए ब्रिटिश-इंडियन एक्टर, निभाया अहम किरदार









