बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत हासिल की है। बिहार में भाजपा का गढ़ कही जाने वाली बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर ने भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19324 वोट से मात दी। चुनाव परिणाम को लेकर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर हमला बोला। पीके ने कहा कि बिहार की जनता को सीएम सम्राट चौधरी का नेतृत्व पसंद नहीं है। तो वहीं, दूसरी ओर सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को सोशल मीडिया पर जीत की बधाई दी है।
क्या बोले सम्राट चौधरी?
प्रशांत किशोर को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बधाई दी है। सम्राट चौधरी ने कहा- “लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनसुराज को चुना है। मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रशांत किशोर जी को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं।”
भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व विचार करे- प्रशांत किशोर
जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा- “जो लोग चुनाव हार गए हैं उनको भी अपनी ओर से बधाई दे रहे हैं। लोकतंत्र है चुनाव में हार जीत लगी रहती है। लेकिन बांकीपुर का चुनाव विधायक बनाने का चुनाव नहीं था। ये चुनाव भाजपा-NDA सरकार और उसके नेतृत्व पर निर्णय लेने के लिए था। बांकीपुर की जनता ने मत दिया है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को विचार करना चाहिए और बिहार के हित में बिहार में एक अच्छे व्यक्ति को बिहार की सौपनी चाहिए।”
किला किसी का नहीं होता है- प्रशांत किशोर
इससे पहले एक बयान में प्रशांत किशोर ने कहा था- “सम्राट चौधरी के नेतृत्व को बिहार की जनता स्वीकार नहीं करती है, ये बात स्पष्ट है। किला किसी का नहीं होता है। 30 साल का किला ढहने में 30 दिन भी नहीं लगा और इसकी बड़ी वजह ये है कि भाजपा ने चुनाव जीतने के बाद यहां पर एक अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति को, एक गलत चाल-चरित्र वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व दिया है। ये लोगों को स्वीकार्य नहीं है।” इस दौरान प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा।
किसे कितने वोट मिले?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का आयोजन कराया गया। इस चुनाव में भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया। वहीं, राजद ने एक बार फिर से रेखा गुप्ता को टिकट दिया। वहीं, जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पहली बार चुनाव लड़ने का ऐलान किया और बांकीपुर से नामांकन दाखिल किया। बांकीपुर में 30 जुलाई को वोटिंग हुई थी। सोमवार को आए परिणाम में प्रशांत किशोर को 64151 वोट मिले, भाजपा के नीरज सिन्हा को 44827 वोट मिले और राजद की रेखा गुप्ता को 14273 वोट मिले।
ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर ने बांकीपुर में कैसे हिला दिया भाजपा का ‘अभेद्य’ किला? यहां समझें PK की जीत का कारण









