हरियाणा के पंचकूला में रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पंचकूला सेक्टर-2 स्थित एक कोठी में घरेलू सहायिका ने अपनी मालकिन की हत्या कर शव को छिपा दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला अपनी घरेलू सहायिका से घर से गायब हुए सोने के गहनों के बारे में पूछताछ करने गई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और सहायिका ने उसकी हत्या कर दी। मृतका के पति भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन हैं।
शव पड़ोसी की घर पर ठिकाने लगाया
आरोप है कि नौकरानी ने वारदात के बाद महिला का शव पड़ोसी की छत पर छिपा दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में पता चला कि घर से गहने चोरी हुए थे और मालकिन को घरेलू सहायिका पर शक था। जब उसने चोरी के बारे में पूछताछ की तो आरोपी घरेलू सहायिका ने हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी नौकरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी हैं इस तरह की घटनाएं
इससे पहले मार्च 2024 में पंचकूला के सेक्टर 2 में एक रिटायर्ड कर्नल की हत्या हो गई थी। कर्नल के घर में हमलावर घुस गए थे और पति-पत्नी पर हमला कर दिया था। हमले में कर्नल घायल हो गए थे, जबकि पत्नी की मौत हो गई थी। हमले में घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका भी घायल हो गई थी। यह घटना दोपहर करीब 1.30 बजे हुई, जब तीन लोग घर में घुसे और कर्नल आरके शर्मा (रिटायर्ड), उनकी पत्नी सुशीला शर्मा और मेड पर हमला कर दिया था।
हत्या के आरोप में भाई-बहन गिरफ्तार
वहीं, सिरसा में एक महिला और उसके भाई को अपनी बहन के प्रेमी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मृतक अंकित की जमाल गांव निवासी ममता से नियमित रूप से फोन पर बातचीत होती थी और ममता के परिवार वाले उनके रिश्ते का विरोध करते थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसी रिश्ते के कारण अंकित की हत्या की गई। पुलिस ने बताया कि 28 जुलाई को सिरसा सदर थाना क्षेत्र के मौजदीन कस्बा माइनर नहर के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था।
रिपोर्ट- उमंग श्योराण, पंचकूला
ये भी पढ़ेंः हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी की पत्नी ने किया सुसाइड, पति से कहासुनी के बाद लगाई फांसी
गर्लफ्रेंड के कमरे में मिला युवक का सड़ा-गला शव, दोस्त के साथ मिलकर की हत्या; फरार









