LIC OFS को पहले दिन मिला 331.86% सब्सक्रिप्शन, 7.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए शेयर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मंगलवार को भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के ओएफएस को पहले दिन इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स के लिए रिजर्व कैटेगरी में 331.86% यानी 3 गुना से भी ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। बताते चलें कि भारत सरकार इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स के लिए एलआईसी के 28.46 करोड़ से ज्यादा शेयर 382 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर बेच रही है। 

संस्थागत निवेशकों ने 94 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए लगाई बोलियां

इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स यानी संस्थागत निवेशकों ने 383.84 रुपये प्रति शेयर के इंडिकेटिव प्राइस पर 94.45 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां लगाईं, जो उनके लिए रिजर्व हिस्से का 331.86 प्रतिशत है। बोलियां लगाने का प्रोसेस दोपहर 3.30 बजे तक चला था। इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स में म्यूचुअल फंड हाउस, बैंक और बड़ी कंपनियां शामिल होती हैं।

रिटेल इंवेस्टर्स के लिए कब खुलेगा एलआईसी का ओएफएस

भारतीय जीवन बीमा निगम के इस OFS (बिक्री पेशकश) में रिटेल इंवेस्टर्स बुधवार को बोली लगा सकेंगे। सरकार देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी में 6.5 प्रतिशत हिस्सेदारी यानी 82.22 करोड़ से ज्यादा शेयर बेच रही है। इस ओएफएस से सरकार को 31,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस हिस्सेदारी बिक्री से एलआईसी को मिनिमम पब्लिक होल्डिंग की जरूरत को समय से पहले हासिल करने में मदद मिलेगी। 

एलआईसी में सरकार के पास है 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी

बताते चलें कि सेबी ने एलआईसी को कम से कम 10 प्रतिशत पब्लिक शेयरहोल्डिंग हासिल करने के लिए 16 मई, 2027 तक का समय दिया था। इस समय एलआईसी में सरकार की 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

ओएफएस के कारण मंगलवार को कंपनी के शेयरों में दिखी भारी गिरावट

बताते चलें कि मंगलवार को एलआईसी के शेयर बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। आज बीएसई पर एलआईसी के शेयर 7.86 प्रतिशत (33.35 रुपये) की भारी गिरावट के साथ 391.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। एलआईसी के शेयरों में इस भारी गिरावट के पीछे सस्ते दाम पर शुरू हुआ OFS और टेक्निकल डिस्काउंट मुख्य वजहें रहीं। 

सोमवार को 424.35 रुपये के भाव पर बंद हुए थे इंश्योरेंस कंपनी के शेयर

सोमवार को एलआईसी के शेयर 424.35 रुपये के भाव पर बंद हुए थे, जो आज बड़ी गिरावट के साथ 393.10 रुपये के भाव पर खुले। आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 402.35 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 389.00 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 468.30 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 361.00 रुपये है। बीएसई के मुताबिक, देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 4,94,614.82 करोड़ रुपये है।

ये भी पढ़ें

सेंसेक्स 210 और निफ्टी 159 अंकों के नुकसान के साथ बंद, बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए इन कंपनियों के शेयर





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें