कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिलने से नाराज विधायकों को लेकर बड़ी बात कही है। डीके शिवकुमार ने कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे की धमकी दिए जाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को कहा कि पार्टी अहम है। अगर कोई इस्तीफा देता है, तो उसे कुछ ही मिनटों में स्वीकार कर लिया जाएगा।
राजनीति में इस्तीफे होते रहते हैं- डीके शिवकुमार
मुख्यमंत्री ने नाराज विधायकों से धैर्य रखने और अवसर का इंतजार करने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी बोर्ड और निगमों में जल्द ही पद भरे जाएंगे। शिवकुमार ने विधायकों द्वारा इस्तीफ देने की धमकी के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ‘मुझे जो कहना था, मैंने कह दिया है। राजनीति में इस्तीफे होते रहते हैं। इस्तीफा देने वालों को कोई रोक नहीं सकता। अगर वे पार्टी और अपने भविष्य को चाहते हैं, तो पार्टी जरूरी है। अगर पार्टी है, तो बाकी सब कुछ है।’
मैं भी दे सकता था इस्तीफा- सीएम
सीएम ने कहा, ‘मैं भी इस्तीफा दे सकता था क्योंकि धर्म सिंह और सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री रहते हुए मुझे मंत्री नहीं बनाया गया था। क्या परमेश्वर (उप-मुख्यमंत्री) और मैंने सब्र नहीं रखा? जब वीरेंद्र पाटिल मुख्यमंत्री थे, तब बंगारप्पा, खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे)और धर्म सिंह को मंत्री नहीं बनाया गया था। क्या बाद में बंगारप्पा और सिंह मुख्यमंत्री नहीं बने? इंसान को सब्र रखना चाहिए।’
कुछ ही मिनटों में इस्तीफा कर लूंगा स्वीकार- डीके
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने व्यक्ति से अधिक पार्टी को अहम बताते हुए कहा, ‘अगर कोई इस्तीफा देता है, तो मैं कुछ ही मिनटों में उसे स्वीकार कर लूंगा।’ सीएम के इस ऐलान के बाद से कर्नाटक कांग्रेस खेमे में हलचल मची हुई है।
19 मंत्रियों को दिलाई गई शपथ
बता दें कि सोमवार को कर्नाटक में मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है। डीके शिवकुमार सरकार में 19 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है। इस बीच, कर्नाटक में कांग्रेस के सीनियक विधायक दिनेश गुंडू राव ने मुख्यमंत्री डी.के.शिवकुमार के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल न किए जाने पर निराशा जताई। पार्टी के ब्राह्मण चेहरे राव ने पूर्ववर्ती सिद्धरमैया सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर काम किया था।
(भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
‘तृषा’ पर भद्दी टिप्पणी मामला, पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, घर से उठा ले गई पुलिस









