भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मिसरोद थाना क्षेत्र में खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले का पता तब चला जब गिरोह के सदस्यों ने एक युवक को एमडी ड्रग्स के मामले में फंसाने का भय दिखाकर उसकी सोने की चेन लूट ली। मामले में पुलिस ने एक महिला वकील समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
कार रोककर छीनी सोने की चेन
मिली जानकारी के अनुसार सलैया स्थित शिव स्प्रिंग वैली निवासी अभिषेक राजपूत अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कार सवार 6 लोगों ने उनका पीछा किया और कॉलोनी के बाहर उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि अभिषेक का नाम एमडी ड्रग्स से जुड़े मामले में सामने आया है और उन्हें पूछताछ के लिए साथ चलना होगा। जब आरोपियों ने दबाव बनाना शुरू किया तो अभिषेक ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। खुद को घिरता देख बदमाश उसकी सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए।
चार आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद अभिषेक राजपूत ने मिसरोद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक महिला वकील भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद, फरहान, पवित्रा और एक अन्य आरोपी के रूप में हुई है। गिरोह के दो सदस्य अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
फरार दो आरोपियों की तलाश जारी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि लूटी गई सोने की चेन फरार आरोपियों के पास है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले भी इसी तरह फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को निशाना बनाया है या नहीं। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया जाएगा और पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-
कुत्तों के खौफ से पेड़ पर चढ़ी मादा तेंदुआ, तमाशबीन बन देखते रह गए लोग; सामने आया VIDEO









