इंग्लैंड में इन दिनों द हंड्रेड 2026 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस सीजन के बीच में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम को एक बाद झटका लगा है। दरअसल MSG के रेगुलर कप्तान एडन मार्करम इस सीजन के बचे हुए मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। व्यक्तिगत कारणों की वजह से उन्होंने इस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर न्यूजलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को टीम में शामिल किया गया है। अब बचे हुए मैचों में मैनचेस्टर की कप्तानी जॉस बटलर करेंगे।
इस सीजन दो मैच जीतने में कामयाब रही है एडन मार्करम
साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज एडन मार्कराम सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी की तीनों टीमों लखनऊ, डरबन और मैनचेस्टर के लिए खेलते हैं। मार्च में हुई ऑक्शन के बाद, उन्हें द हंड्रेड टूर्नामेंट के लिए मैनचेस्टर की मेंस टीम का कप्तान चुना गया था। उनकी टीम ने इस सीजन की शुरुआत दो जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद उन्हें लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मार्करम की फॉर्म की बात करें तो वह उतना अच्छा नहीं रहा है। शुरुआती चार पारियों में उन्होंने सिर्फ 67 रन बनाए, लेकिन रविवार को द ओवल मैदान पर उन्होंने एक शानदार अर्धशतक लगाया।
वेल्श फायर के खिलाफ मैच से कप्तानी संभालेंगे जॉस बटलर
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी ने बुधवार को यह स्पष्ट किया कि उनके मेंस टीम के कप्तान एडेन मार्करम निजी कारणों से अपने देश साउथ अफ्रीका वापस चले गए हैं। फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोग इस समय एडन को शुभकामनाएं देना चाहते हैं और इस साल की प्रतियोगिता के दौरान टीम में उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में अब जॉस बटलर टीम की कप्तानी संभालेंगे। वे 5 अगस्त को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में वेल्श फायर के खिलाफ होने वाले मैच से कप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। इस मैच में बटलर के पास इतिहास रचने का मौका होगा।
मैनचेस्टर की कप्तानी कर चुके हैं बटलर
बटलर इससे पहले भी द हंड्रेड के पहले तीन सीजनों में मैनचेस्टर की टीम (तब मैनचेस्टर ओरिजिनल्स) के कप्तान रह चुके हैं। हालांकि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद जब उन्होंने लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में इंग्लैंड की कप्तानी छोड़ी थी, उसके बाद यह पहला मौका है जब वे फिर से किसी टीम की कप्तानी करने जा रहे हैं। मार्करम के जाने की वजह से सुपर जायंट्स को इस सीजन में पहली बार अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना पड़ेगा, क्योंकि इससे पहले खेले गए सभी पांच मैचों में उन्होंने एक ही प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया था। पॉइंट्स टेबल में मैनचेस्टर की टीम पॉइंट्स टेबल में 2 जीत और 3 हार के साथ छठे नंबर पर है।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027 को लेकर बड़ा अपडेट, क्वालीफायर की तारीखें आई सामने
बाबर आजम ने शर्मनाक लिस्ट में कर ली वसीम अकरम की बराबरी, जावेद मियांदाद का नाम टॉप पर









