गुरुग्राम में भारी बारिश, मेदांता अंडरपास में भरा पानी, पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हरियाणा के गुरुग्राम में भारी बारिश को देखते हुए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी करते हुए कर्मचारियों को घर से काम कराने की अपील की है। सड़कों पर जाम से बचने और ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। गुरुग्राम में सुबह 4 बजे से लगातार भारी बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में जलभराव हुआ है। मेदांता से सेक्टर-15 की तरफ जाने वाले अंडरपास में पानी भर गया है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

गुरुग्राम नगर निगम ने सदन की बैठक स्थगित कर दी है और अधिकारियों को फील्ड पर रहकर जलभराव से निपटने के निर्देश दिए हैं। मेदांता से सेक्टर-15 की तरफ जाने वाले अंडरपास में पानी भरने के बाद कई वाहन इसमें फंस गए थे। इसके बाद पुलिस ने पानी में फंसे कुछ वाहनों को निकाला। अंडरपास में कई फिट तक पानी भरा हुआ है।

गुरुग्राम पुलिस की एडवाइजरी

गुरुग्राम पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए एक्स पर लिखा, “पिछले 24 घंटों (05 अगस्त 2026, सुबह 8:00 बजे से 06 अगस्त 2026, सुबह 8:00 बजे तक) के दौरान गुरुग्राम जिले में रिकॉर्ड की गई 97 मिमी बारिश और 6 अगस्त 2026 के लिए इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए, जिले में अलग-अलग जगहों पर पानी भरने और ट्रैफिक जाम होने की संभावना है। ट्रैफिक कम करने और सिविक एजेंसियों द्वारा सड़क और ड्रेनेज ठीक करने के काम को आसानी से करने में मदद करने के लिए, सभी कॉर्पोरेट ऑफिस और प्राइवेट संस्थानों को सलाह दी जाती है कि वे 6 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक, जहां भी मुमकिन हो, कर्मचारियों को घर से काम करने दें।”

नागरिकों से जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने। मौसम और ट्रैफिक की ऑफिशियल सलाह का पालन करने और लोगों की सुरक्षा पक्का करने के लिए अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है। आने-जाने वालों ने बताया कि सुबह के रश आवर में हालात और खराब हो गए, गाड़ियां रेंग-रेंगकर चल रही थीं। लोगों ने बताया कि स्कूल के स्टूडेंट्स और ऑफिस में काम करने वालों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में मुश्किलों और बहुत ज्यादा देरी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होते ही बड़ी सड़कें तालाब बन जाती हैं, जबकि हर साल नालों की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं।

(गुरुग्राम से गोहित कौशिक की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मानेसर नगर निगम की बैठक पहुंची थाने! BJP के मेयर-डिप्टी मेयर में जंग, महिला पार्षद से अभद्रता; CCTV फुटेज आया सामने

हार गए रिश्ते! वृद्धाश्रम में कपड़ा व्यापारी ने तोड़ा दम, अंतिम दर्शन के लिए नहीं आई 3 बेटियां, 5100 रुपये ट्रांसफर कर बोलीं- अंतिम संस्कार की वीडियो भेज देना





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें