पैसों का लालच देकर नाबालिग छात्रों से कराया रक्तदान! TMCP सदस्य समेत तीन गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


दुर्गापुर में नाबालिग छात्रों को आर्थिक प्रलोभन देकर रक्तदान कराने के आरोप में पुलिस ने तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) सदस्य समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक निजी स्कूल के कुछ नाबालिग छात्रों से रक्तदान कराया गया। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की मांग की। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे मामले के पीछे किसी बड़े संगठित गिरोह की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। 

पैसों का लालच देकर रक्तदान कराने का आरोप

एक निजी स्कूल के नाबालिग छात्रों को आर्थिक प्रलोभन देकर रक्तदान कराने के आरोप की जांच में दुर्गापुर थाना पुलिस ने तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के एक सदस्य समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले के सामने आने के बाद पूरे राज्य में हलचल मच गई थी।

निजी अस्पताल में ले जाकर कराया गया रक्तदान

आरोप है कि पश्चिम बंगाल स्थित दुर्गापुर के विधाननगर स्थित एक निजी अस्पताल में इस्पात नगरी के एक निजी स्कूल के कुछ नाबालिग छात्रों को ले जाकर उनसे रक्तदान कराया गया। इसके बदले उन्हें पैसे देने का लालच दिए जाने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद दुर्गापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में सबसे पहले इसी स्कूल के पूर्व छात्र देवप्रिय चक्रवर्ती का नाम सामने आया। आरोप है कि वह नाबालिग छात्रों को आर्थिक प्रलोभन देकर अस्पताल ले जाता था।

पूछताछ में TMCP सदस्य अमित प्रसाद यादव का नाम

पूछताछ के दौरान देवप्रिय ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसे इस काम में TMCP सदस्य अमित प्रसाद यादव ने लगाया था। मामले में मालदह निवासी मोहम्मद हबीबुल्लाह का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि हबीबुल्लाह फिलहाल दुर्गापुर के विधाननगर स्थित एक निजी होटल में काम करता है।

नाबालिग छात्रों को मामले में किया शामिल 

पुलिस जांच में आरोप सामने आया है कि इस कथित नेटवर्क का मुख्य संचालक दुर्गापुर के मुचिपाड़ा इलाके का निवासी और TMCP सदस्य अमित प्रसाद यादव था। देवप्रिय के कथित बयान के अनुसार, अमित ने उसकी मां और उसके सोने के गहने गिरवी रखकर उसे पैसे का लालच दिया था। उसे कथित तौर पर कहा गया था कि वह जितने अधिक रक्तदाता जुटाएगा, उसे उतने अधिक पैसे मिलेंगे। इसी लालच में उसने नाबालिग छात्रों को इस पूरे मामले में शामिल किया।

ये 3 आरोपी गिरफ्तार

गुरुवार रात पुलिस ने अभियान चलाकर देवप्रिय चक्रवर्ती, मोहम्मद हाबिबुल्लाह और अमित प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया।

बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क सक्रिय है। घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इस घटना में जो भी शामिल होगा, उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम करेगा।

अपराध के आधार पर हो कार्रवाई: विधायक

वहीं, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि अगर कोई रक्त को लेकर कारोबार करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपी तृणमूल, बीजेपी या सीपीएम किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, कानून को राजनीतिक पहचान नहीं बल्कि अपराध के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।

आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की मांग 

पुलिस के मुताबिक पूरे मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के जरिए इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस की ओर से तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग की गई है।

(रिपोर्ट- बीजू मंडल)

ये भी पढ़ेंः WB ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ सब-असिस्टेंट इंजीनियर





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें