झारखंड के रांची में छात्रों के डेलिगेशन और हेमंत सरकार के बीच बैठक शुरू हो गई है। झारखंड सरकार के गेस्ट हाउस में मंत्री और छात्रों का डेलीगेशन बात कर रहा है। मीटिंग के लिए चार मंत्री गेस्ट हाउस पहुंचे हैं। 10 छात्रों के डेलिगेशन से उनकी मुलाकात हुई है। गेस्ट हाउस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सोरेन सरकार के 4 मंत्रियों के साथ छात्रों की बैठक
रांची के मोहराबादी गेस्ट हाउस में छात्र डेलिगेशन और सरकार के प्रतिनिधित्व की बैठक जारी है। भारी पुलिस फोर्स, गेस्ट हाउस के गेट पर लगी है। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रियों में दीपिका पांडे सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री, सुदिव्य कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री, चमरा लिंडा, कल्याण मंत्री और संजय प्रसाद यादव, उद्योग मंत्री मौजूद हैं। मीटिंग में एसएसपी रांची राकेश रंजन और डीसी रांची मंजू नाथ भजंत्री भी शामिल हैं।
सरकार से वार्ता करने वाले छात्रों के डेलिगेट्स की लिस्ट
- रविंद्र पासवान
- पीयूष कुमार
- राजेश प्रसाद
- नीतू कुजूर
- अंकित राज
- कार्तिक सोरेन
- शालू कुमारी
- रवींद्र कुमार रवि
- आनंद कुमार
- अंकित कुमार
ये सभी छात्र हैं। इस लिस्ट में कोई भी पत्रकार या वकील शामिल नहीं है।
बुधवार को डेलिगेशन से बातचीत को नहीं मानी थी सोरेन सरकार
इससे पहले, बुधवार को दिन भर छात्र डेलिगेशन सरकार के बुलावे का इंतजार करता रहा लेकिन न्योता नहीं आया। बाद में झारखंड सरकार की तरफ से दलील दी गई कि बात छात्रों से करनी है। डेलिगेशन में कुछ ऐसे नाम हैं जिनसे दिक्कत है। दरअसल, स्टूडेंट्स की तरफ से जो पहले 11 लोगों का डेलिगेशन तय हुआ था, उसमें एडवोकेट अजित कुमार का भी नाम था।
डेलिगेशन में सिर्फ छात्रों को चाहती थी झारखंड सरकार
दावा किया जा रहा है कि अजित कुमार बीजेपी के महाधिवक्ता रह चुके हैं। सरकार का मैसेज लेकर SDM प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले और छात्रों से नया डेलिगेशन बनाने की बात कही। छात्र सरकार को कोई मौका नहीं देना चाहते हैं इसलिए एक बार में सरकार की बात मान ली गई। डेलिगेशन लिस्ट में फेरबदल कर दिए गए। रांची में छात्रों के आंदोलन में आज AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने की घटना भी सामने आई थी। पुलिस स्याही फेंकने वाले शख्स को हिरासत में ले चुकी है।
ये भी पढ़ें- “मेरी जान को खतरा है”, झारखंड में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की बिगड़ी तबीयत









