कुरुक्षेत्र में बंदूक की नोक पर 3.15 करोड़ की लूट, मार्च में भी की थी डकैती; धमकी देकर फरार हुए आरोपी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चार नकाबपोश लोगों ने एक सीनियर वकील के घर में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपियों ने वकील और उनकी पत्नी को बंदूक दिखाई और करीब 3.15 करोड़ रुपये की नकदी, सोने-चांदी के गहने, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और अन्य कीमती सामान लूट लिया। इस घटना को लेकर थानेसर सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर ली गई है। यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है।

बंदूक की नोक पर की लूट

शिकायत में सीनियर वकील बलवंत सिंह वालिया ने कहा कि वह रात करीब 9:30 बजे अपने पालतू कुत्ते को टहलाने के लिए बाहर गए थे। जब वह रात करीब 10 बजे लौटे, तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया और उनकी पत्नी बिस्तर पर मुंह के बल पड़ी थीं। उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह पर टेप लगा हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया कि घर में चार नकाबपोश हमलावर मौजूद थे। हमलावरों ने वकील को काबू में करके बांध दिया और बुजुर्ग दंपत्ति के साथ मारपीट की तथा बंदूक की नोक पर उनसे नकदी और कीमती सामान की मांग की।

मार्च में भी हुई थी डकैती

लुटेरों ने कथित तौर पर दंपत्ति से कहा कि वे ही इस साल 20 मार्च को इसी घर में हुई 50 लाख रुपये की चोरी के पीछे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमलावरों ने कहा कि उस समय वे डिजिटल तिजोरियां नहीं खोल पाए थे, और उन्होंने वालिया से लॉकर खोलने को कहा। साथ ही इनकार करने पर दोनों को गोली मारने की धमकी दी। अपनी जान के डर से वकील ने कीमती सामान की चाबियां सौंप दीं और दो डिजिटल लॉकर खोल दिए।

जान से मारने की दी धमकी

आरोपी कथित तौर पर 17-20 लाख रुपये नकद, 1.5-2 किलोग्राम सोने के गहने, लगभग 4 किलोग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन और मूर्तियां, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और अन्य कीमती सामान लेकर भाग गए। जाने से पहले, उन्होंने कथित तौर पर चार सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया और सबूत मिटाने के लिए डीवीआर (DVR) भी साथ ले गए। वालिया ने आरोप लगाया कि लुटेरों ने और 80 लाख रुपये की मांग की, चेतावनी दी कि वे वापस आएंगे, और धमकी दी कि अगर पुलिस को मामले की सूचना दी गई तो वे दंपत्ति को मार डालेंगे।

दरवाजा बाहर से बंद करके भाग गए आरोपी

इसके बाद आरोपी भागने से पहले मुख्य दरवाज़े को बाहर से बंद कर गए। शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बुज़ुर्ग दंपत्ति को आज़ाद कराया, फिर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल थानेसर सिटी पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती, आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

स्टेशन हाउस ऑफिसर देवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी और स्थानीय पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं और संदिग्धों का पता लगाने के लिए शहर भर के CCTV फुटेज खंगाल रही हैं। वकील के घर पर सुरक्षा तैनात कर दी गई है। इस साल मार्च में घर पर हुई कथित डकैती की कोशिश के बारे में पुलिस ने बताया कि उस पिछली घटना के संबंध में भी मामला दर्ज किया गया था और जांच चल रही है।

यह भी पढ़ें-

स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार महिला को मारी जोरदार टक्कर, काफी दूर तक घसीटा, CCTV फुटेज आया सामने





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें