उत्तर प्रदेश के कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में घर के दरवाजे पर ईंट-पत्थर से हमला करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी पंकज ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पनकी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ पहले से कुल 16 मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आ रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को क्षेत्र की सड़कों पर लेकर गई, उसका पैदल मार्च कराया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिस की मौजूदगी में सड़कों पर पुलिस के घेरे के बीच चलता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कार्यवाही के दौरान पुलिस उन इलाकों में इस अपराधी को लेकर गई, जहां जहां उसका प्रभाव था।
तड़के घर के बाहर पहुंचकर पथराव का आरोप
पुलिस के अनुसार ग्राम मर्दनपुर निवासी निखिल तिवारी पुत्र सुधीर तिवारी ने गुजैनी थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर 9 अगस्त 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 6 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे पंकज ठाकुर, सनी गुप्ता और दो अन्य अज्ञात लोग वादी के घर के दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। जिसका CCTV भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जांच के बाद पुलिस ने दबोचा
मामला दर्ज होने के बाद गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा और और उनकी टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने पंकज ठाकुर को 11 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने पर उसके खिलाफ पहले से 16 अभियोग दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने उसे पनकी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया है।
गिरफ्तारी के बाद सड़कों पर लेकर निकली पुलिस
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम के द्वारा उसे क्षेत्र की सड़कों पर लेकर पैदल मार्च कराया जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में थाना प्रभारी राजन शर्मा, सब इंस्पेक्टर मोहित सिंह, सैयद जुबेर शफीक, HC विकास चौहान और विष्णु पाल सिंह साथ में आरोपी को सड़क पर पैदल परेड कराते नजर आ रहे हैं, इस दौरान अपराधी को सिर नीचे कर के चलते देखा जा सकता है। जनता द्वारा पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी को उसके प्रभाव वाले बताए जा रहे इलाकों से भी होकर ले जाया गया।
दूसरे आरोपियों की तलाश जारी
मामले में नामजद सनी गुप्ता और दो अन्य अज्ञात आरोपियों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पंकज ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई पूरी की है। आरोपी के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों की जानकारी भी पुलिस की जांच का हिस्सा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव, पीजी में सहेली के साथ रहती थी
अतीक अहमद के बेटे उमर के बाद अली अहमद के काफिले के पीछे चल रहे 10 वाहनों पर FIR









