छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक बड़ी खबर सामने आई है। छिंदवाड़ा की हवाई पट्टी पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। पूर्व सांसद नकुलनाथ और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी अपने स्टाफ के साथ भोपाल में आयोजित बैठक में जाने के लिए विमान में सवार हुए थे।
लेकिन रनवे पर उड़ान भरने से ठीक पहले विमान का इंजन अचानक फेल हो गया। पायलट को जैसे ही इस तकनीकी खराबी का पता चला, उसने तुरंत समझदारी दिखाते हुए दोनों नेताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित विमान से बाहर उतार लिया।
इस घटना के बाद हरीश चौधरी सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हुए, जबकि नकुलनाथ नागपुर चले गए। पायलट की सतर्कता से सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
नकुलनाथ का सामने आया बयान
नकुलनाथ ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके कहा, “प्रिय साथियों, तकनीकी कारणों के चलते मेरा भोपाल दौरा रद्द हो गया है, जिसके लिए मैं आप सभी से हृदय से क्षमा चाहता हूं। मेरी बहुत इच्छा थी कि इस अवसर पर आप सभी के बीच भोपाल में उपस्थित रहूं, आप सभी से मिलूं और आपसे रूबरू होकर संवाद करूं। दुर्भाग्यवश परिस्थितिवश यह संभव नहीं हो सका।”
नकुलनाथ ने कहा, “मेरा आप सभी से वादा है कि बहुत जल्द आपके बीच उपस्थित रहूंगा, आप सभी से मुलाकात करूंगा और संगठन एवं हमारे साझा प्रयासों को लेकर आपसे विस्तार से संवाद करूंगा। आप सभी के स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए हृदय से आभार। जल्द ही मुलाकात होगी। आपका -नकुल कमल नाथ”
गौरतलब है कि नकुलनाथ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। आज ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “किसान भाजपा सरकार से मुफ्त खाद नहीं मांग रहा है, बल्कि समय पर खाद मांग रहा है। पूरे प्रदेश में खाद को लेकर हाहाकार मची हुई है। याद रखो आज आप किसानों को परेशान कर रहे हो, कल यही किसान आपको सत्ता से उखाड़ फेकेंगे।”
बता दें कि नकुलनाथ, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे हैं। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा सीट से कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुने गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार मिली थी।
ये भी पढ़ें-
गजब है भाई! करोड़ों के मालिक नकुलनाथ के पास खुद की कार भी नहीं, ऐसे हुआ खुलासा









