आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कोक ओवन थाना पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कोक ओवन थाना पुलिस ने सोमवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ओडिशा से लाई जा रही 53 किलोग्राम गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोक ओवन थाना प्रभारी अंजन मंडल के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
लाखों रुपये बताई जा रही जब्त गांजे की कीमत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपी ओडिशा से बस के जरिए गांजा लेकर दुर्गापुर पहुंचे थे। आरोप है कि दुर्गापुर बैराज के निकट बस से उतरने के बाद तीनों संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर घूम रहे थे। पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें रोककर तलाशी ली गई। कोकओवन थाना प्रभारी अंजन मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम ने तत्काल इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्धों को घेर लिया। गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर तीनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 53 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत कई लाख रुपये है। पुलिस की तत्परता से कथित मादक पदार्थ तस्करी की योजना को नाकाम कर दिया गया।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोक ओवन थाना पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसे दुर्गापुर में किसके पास पहुंचाया जाना था और इस कथित तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
आसनसोल अदालत में होगी पेशी
पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप स्थानीय बाजार में खपने से बच गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह सप्लाई कहां से शुरू हुई थी और दुर्गापुर में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। इसके साथ ही तस्करी के इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच के लिए आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेने की मांग की जाएगी। मादक पदार्थों की इतनी बड़ी खेप बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)
ये भी पढ़ें-
शक्तिगढ़ में दो शव मिलने से सनसनी, अर्धनग्न महिला और पुरुष का शव बरामद, तफ्तीश में जुटी पुलिस









