नालंदा में नाली और रास्ते को लेकर हुए विवाद में चलीं गोलियां, मौके पर एक युवक की मौत, गांव में तनाव का माहौल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बिहार के नालंदा जिले में चिकसौरा थाना क्षेत्र के गोंदुविगहा गांव में नाली-गली के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो गुटों के बीच नाली और रास्ते को लेकर पहले जमकर विवाद हुआ और फिर गुस्से में लोगों ने बंदूकें निकाल लीं। नाली को लेकर शुरू हुए इस विवाद ने गोलीबारी का रूप ले लिया और इस घटना में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी विजय पासवान के 30 साल के बेटे अजय कुमार के रूप में की गई है। विवाद के बीच विजय को सीने में गोली लगी और वो लहुलुहान हो गया।

नाली और रास्ते को लेकर खून संघर्ष

परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले नाली और रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच मारपीट हुई थी। सामाजिक लोगों और पुलिस की पहल पर उस समय मामला शांत करा दिया गया था। लेकिन गुरुवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में फिर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला लाठी-डंडे से मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान अचानक गोलीबारी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर चली गोली, एक युवक की मौत

गोलीबारी से गांव में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में विजय कुमार को सीने में गोली लग गई। गोली लगते ही खून से लथपथ विजय कुमार जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना स्थल पर पुलिस की छानबीन जारी 

प्रभारी डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं, चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि नाली-गली के विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना हुई है। इसमें एक युवक की मौत हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि गोली किसने चलाई और इस मामले के दूसरे सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। 

इनपुट: शिव कुमार (नालंदा)

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें