कामवालियों से सावधान! कई घरों में लाखों की चोरी का पर्दाफाश, नेपाल पार कर देती थीं गहने; हैरान कर देने वाला खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कच्छ: अगर आप घर में काम करने के लिए किसी घरेलू सहायिका को रखते हैं, तो उसके बारे में पूरी जानकारी रखना बेहद जरूरी है। गुजरात के कच्छ जिले के आदिपुर में पुलिस ने ऐसे अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का खुलासा किया है, जिसमें महिलाएं घरेलू कामगार बनकर घर में प्रवेश करती थीं और बाद में उसी घर को निशाना बनाने के लिए अपने साथियों को जानकारी देती थीं।

आदिपुर पुलिस ने इस मामले में नेपाल की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी घरेलू काम करने के बहाने मकान मालिकों का विश्वास जीतती थीं। घर में रहने के दौरान वे परिवार के सदस्यों की दिनचर्या, आने-जाने का समय और घर कब खाली रहता है, इसकी जानकारी जुटाती थीं। इसके बाद यह जानकारी अपने साथियों तक पहुंचाती थीं।

परिवार के बाहर जाते ही शुरू होती थी चोरी

पुलिस जांच के मुताबिक, जब परिवार के सभी सदस्य किसी काम से घर से बाहर चले जाते थे, तब गिरोह के दूसरे सदस्य पूर्व नियोजित तरीके से घर में घुसकर चोरी करते थे। इस तरह घर में काम करने वाली महिलाओं की भूमिका केवल घरेलू काम तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे कथित तौर पर चोरी के लिए जरूरी जानकारी जुटाने का काम भी करती थीं। आदिपुर पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी और ह्यूमन इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया। इसके आधार पर दोनों महिलाओं को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुणे-ठाणे से लेकर बेंगलुरु तक वारदातें

पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस के सामने चोरी के कई मामलों की जानकारी आई। पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के पुणे और ठाणे में चार जगहों पर चोरी के मामले सामने आए हैं। इसके अलावा कर्नाटक के बेंगलुरु में भी चोरी की वारदात करने की बात आरोपियों ने स्वीकार की है। आदिपुर में हुई चोरी को मिलाकर पुलिस ने गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कुल छह घरों में चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाओं ने जिन घरों में घरेलू काम किया, वहां से मिली जानकारी का इस्तेमाल बाद में चोरी की योजना बनाने में किया जाता था। इस तरह गिरोह अलग-अलग राज्यों में वारदातों को अंजाम देता था।

नेपाल ले जाकर बेचते थे चोरी का सोना

जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और दूसरे सामान को नेपाल ले जाकर बेचने का काम किया जाता था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी का सामान किन लोगों के जरिए नेपाल पहुंचाया और बेचा जाता था। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों महिलाओं के पास से कुल 1,85,790 रुपये का सामान बरामद किया है। इसमें सोने की डायमंड रिंग, मोबाइल फोन और भारतीय मुद्रा शामिल है।

तीन आरोपियों की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय सलीना और 28 वर्षीय रवीना के रूप में हुई है। ये दोनों महिलाएं मूल रूप से नेपाल की रहने वाली हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। उनकी पहचान भीमबहादुर नरबहादुर शाही, विरेंद्रबहादुर उर्फ विवेक नरबहादुर शाही और भीमबीर उर्फ प्रिंस बीरा शाही के रूप में हुई है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश तेज कर दी है।

साइबर क्राइम और LCB टीम ने भी की मदद

पूरे मामले की जांच में आदिपुर पुलिस के साथ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन और लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) की तकनीकी टीम ने भी अहम भूमिका निभाई। तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह ने अलग-अलग राज्यों में कितने और घरों को निशाना बनाया है और चोरी का सामान नेपाल में किन लोगों के जरिए बेचा जाता था। (इनपुट- नितेश गोर)

यह भी पढ़ें-

सांप ने काटा तो शख्स ने भी उसे दांत से काट लिया, शराब के नशे में जमकर किया हंगामा; VIDEO आया सामने





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें