झारखंड में छात्रों के आंदोलन के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। राहुल गांधी ने सुझाव दिया है कि सोरेन स्वयं छात्रों के प्रतिनिधियों से जाकर मुलाकात करें। राहुल गांधी ने अपने पत्र में यह भी कहा कि छात्रों का आंदोलन अब तक शांतिपूर्ण रहा है। साथ ही हेमंत सोरन को सुझाव दिया है कि मामले के समाधान के हर संभव कोशिश की जाए।
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को राहुल गांधी ने ये पत्र 14 अगस्त (शुक्रवार) को लिखा था। माना जा रहा है कि राहुल गांधी की मांग पर ही हेमंत सोरेन सरकार प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधि मंडल से मिल सकती है।
शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार
सोरेन को लिखे पत्र में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी का मानना है कि भारत के संविधान में दिया गया शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है। इसलिए, हमने पिछले कुछ महीनों में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया है।’
बीजेपी और संघ पर भी राहुल गांधी ने साधा निशाना
राहुल गांधी ने सोरेन को लिखे पत्र में कहा, ‘हमारा यह भी मानना है कि भारतीय शिक्षा व्यवस्था पर RSS और BJP का कब्जा हो गया है। इसे छात्रों के शोषण और दमन का जरिया बना दिया गया है। यह अब वैसी मजबूत ज्ञान-व्यवस्था नहीं रही जैसी एक दशक पहले हुआ करती थी।’
छात्रों की मांगे जायज
राहुल गांधी ने कहा, ‘जैसा कि आप जानते हैं, झारखंड में छात्र राज्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ भी विरोध कर रहे हैं। उनका विरोध शांतिपूर्ण रहा है और उनकी मांगें जायज हैं। मैं इस बात की सराहना करता हूं कि झारखंड सरकार ने आपके द्वारा बनाई गई एक समिति के माध्यम से उनसे बातचीत शुरू की है। मेरा मानना है कि छात्रों द्वारा उठाई गई कई मांगों पर सहमति भी बनी है। हालांकि, विरोध जारी है और कुछ छात्र अभी भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।’
व्यक्तिगत रूप से छात्रों के प्रतिनिधियों से मिलें सीएम
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘मैं आपको (हेमंत सोरेन) यह सुझाव देने के लिए लिख रहा हूँ कि आप व्यक्तिगत रूप से विरोध कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से मिलें। इससे उनकी बाकी चिंताओं को दूर करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी।’
भारत के युवा ही देश का भविष्य- राहुल गांधी
इसके साथ ही कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत के युवा ही देश का भविष्य हैं। संकट की इस घड़ी में हमें उनके साथ एकजुटता दिखानी चाहिए और उनका समर्थन करना चाहिए। कृपया उनकी बात सुनने और इस मुद्दे के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की पूरी कोशिश करें।’
ये भी पढ़ें:
छात्रों ने रांची में फूंका हेमंत, राहुल और तेजस्वी का पुतला, किया 4 दिन बाद CM आवास घेरने का ऐलान









