मुंबई से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 1990 से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक क्रिकेट मैच के दौरान विवाद में आरोपी ने अंपायर पर हमला कर दिया था। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर से उसकी लोकेशन निकाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। बात में पता चला कि पुलिस जिससे पूछताछ कर रही थी, वही आरोपी था। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
1990 में आउट देने पर हुआ था विवाद
दरअसल, मुंबई के बोरीवली में 1990 में क्रिकेट मैच के दौरान LBW के फैसले को लेकर विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया था। उस समय आउट दिए जाने से नाराज बल्लेबाज ने अंपायर के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया था। वहीं अब 36 साल बाद बोरीवली पुलिस ने आरोपी को मीरा रोड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 55 वर्षीय ओमप्रकाश पासी के रूप में हुई है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, 1990 में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान अंपायर ने पासी को LBW आउट करार दिया था। फैसले को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद पासी ने कथित तौर पर अंपायर के सिर पर बैट से वार कर दिया। हमले में अंपायर को गंभीर चोटें आई थीं। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बोरीवली पुलिस ने पासी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। उसके खिलाफ IPC की धारा 307 और 34 के तहत केस दर्ज हुआ था।
जिससे पूछताछ कर रही थी पुलिस वही निकला आरोपी
लंबे समय तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर रहा। हाल ही में क्राइम प्रिवेंशन स्क्वॉड ने तकनीकी जांच के जरिए उसकी तलाश शुरू की। संचार साथी प्रणाली की मदद से पुलिस को आरोपी के नाम पर दर्ज मोबाइल नंबर मिला, जिसकी लोकेशन मीरा रोड में मिली। पुलिस टीम जब मीरा रोड पहुंची और स्थानीय लोगों से पासी के बारे में पूछताछ की, तो सामने आया कि जिस व्यक्ति से जानकारी ली जा रही थी, वही ओमप्रकाश पासी था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर 1990 की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें-








