जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा गहराया, बोकारो के घरों में घुसा पानी, उफान पर नदियां; भारी बारिश से बिगड़े हालात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[ad_1]

जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। शहर की दोनों प्रमुख नदियां स्वर्णरेखा और खरकाई खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसका असर अब आसपास के निचले इलाकों में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है।

बढ़ते जलस्तर के कारण जमशेदपुर और कपाली को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण जाकिर पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। पुल के जलमग्न होने से हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। प्रशासन द्वारा लोगों से पुल के आसपास नहीं जाने और सुरक्षित मार्गों का उपयोग करने की अपील की जा रही है। 

कई जगहों पर बाढ़ की आशंका 

नदियों का पानी लगातार बढ़ने से आसपास के कई क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोग बाढ़ की आशंका को लेकर चिंतित हैं, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राहत और बचाव दलों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। 

इसी बीच जाकिरनगर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, एक युवक तेज बहाव वाले पानी में बहने लगा। युवक को पानी में संघर्ष करता देख स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रस्सी के सहारे युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक के सुरक्षित बच जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने, बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है। 

बोकारो में बारिश से हाहाकार 

वहीं, बोकारो में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। इससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चास और चिरा चास थाना क्षेत्र के कुंज बिहार समेत कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है। सड़कों पर घुटने भर पानी बह रहा है, जिससे रोजमर्रा के काम पर असर पड़ा है। तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं कि चिरा चास के कुंज बिहार में सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। अगर यही हाल रहा तो लोगों के सामने बिजली और पीने के पानी का भी संकट गहरा सकता है।

उफान पर नदियां

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का अनुमान जताया है। लगातार बारिश के चलते बोकारो की गरगा और दामोदर नदी उफान पर हैं। आज सेक्टर-11 पुल के पास गरगा नदी के तेज बहाव में एक गाय बह गई, जिसे ग्रामीण तलाशते नजर आए। वहीं लगातार बारिश से तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके बाद डैम के तीन फाटक खोल दिए गए हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। बोकारो और धनबाद को जोड़ने वाले तेलमोचो पुल के पास दामोदर नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। मछुआरों और आम लोगों को बिना जरूरी काम के नदी किनारे न जाने की चेतावनी दी गई है। दामोदर नदी बोकारो, धनबाद होते हुए बंगाल तक बहती है, इसलिए सभी जिलों में अलर्ट है।

(जमशेदपुर से गंगाधर पांडे और बोकारो से मृत्युंजय की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा, खरकाई और स्वर्णरेखा नदी डेंजर लेवल के ऊपर, बड़बिल डैम के 4 गेट खुले

”सोन नदी जल समझौते में झारखंड को एक लोटा पानी भी अतिरिक्त नहीं मिला”, सरयू राय ने उठाया सवाल



[ad_2]

Source link

Kaushal kumar
Author: Kaushal kumar

Leave a Comment

और पढ़ें