VIDEO: कानपुर में 18 फीट गहरे गड्ढे पर सीढ़ी लगाकर उतरे सपा विधायक, कहा- ‘अब होगी आर-पार की लड़ाई’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कानपुर के जाजमऊ स्थित सरैया चौराहे पर सड़क धंसने से बने विशाल गड्ढे ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। गुरुवार दोपहर करीब 12:45 बजे कैंट विधानसभा से सपा विधायक हसन रूमी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले अधिकारियों और स्थानीय लोगों से हादसे की जानकारी ली। इसके बाद सीढ़ी मंगवाकर खुद करीब 18 फीट गहरे गड्ढे में उतर गए।

निर्माण कार्य को लेकर खड़े हुए सवाल

विधायक के गड्ढे में उतरने का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ और बढ़ गई। सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क की स्थिति और निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किए।

जलकल की लाइन में लीकेज के बाद धंसी सड़क

जानकारी के मुताबिक, सरैया चौराहे पर जलकल की पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी लगातार कटती रही। मंगलवार और बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद स्थिति और बिगड़ गई। इसके बाद वीआईपी रोड पर अचानक बड़ा गड्ढा बन गया। गड्ढा करीब 5 मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा बताया जा रहा है। यह सड़क जाजमऊ से सर्किट हाउस की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर है।

बुजुर्ग और बच्चे के गिरने का दावा

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क धंसने के बाद बने गड्ढे में एक बुजुर्ग और एक बच्चा भी गिर चुका है। हालांकि, बड़े हादसे को टालने के लिए पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी है। वाहनों और राहगीरों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जा रहा है।

विधायक बोले- जिम्मेदारों की जवाबदेही तय हो

गड्ढे के अंदर उतरकर स्थिति देखने के बाद विधायक हसन रूमी ने इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस सड़क से वीआईपी और आम लोग गुजरते हैं, वहां निर्माण और रखरखाव की निगरानी आखिर किस स्तर पर की जा रही थी। विधायक ने सड़क धंसने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अधिकारियों ने लिया जायजा

विधायक के मौके पर पहुंचने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने गड्ढे और आसपास की सड़क का निरीक्षण किया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भरने और सड़क की स्थिति सुधारने की कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और जनता की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। फिलहाल प्रशासन की नजर गड्ढे की मरम्मत और सड़क को दोबारा सुरक्षित बनाने की कार्रवाई पर है।

अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

कानपुर में ट्रेनी विमान क्रैश, एक पायलट की मौत, दूसरा गंभीर; प्लेन में अचानक हुआ धमाका, फिर नीचे गिरा





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें