गुजरात के भुज सेशंस कोर्ट परिसर में आज पुरानी रंजिश को लेकर हड़कंप मचा देने वाली घटना सामने आई है। कोर्ट परिसर में मयूरगर गुसाई नामक युवक पर चाकू से हमला किए जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल मारवाड़ा नामक व्यक्ति ने मयूरगर गुसाई पर चाकू से हमला किया, जिसमें युवक के पेट के हिस्से में गंभीर चोट आई है।
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए भुज की जी. के. जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला करने वाले राहुल मारवाड़ा के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। उसे भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के सामने हुआ जानलेवा हमला
यह घटना दिन-दिहाड़े भुज सेशंस कोर्ट परिसर के भीतर हुई। पुरानी दुश्मनी को लेकर हुए विवाद के बाद राहुल ने अचानक चाकू निकाला और मयूरगर के पेट में घोप दिया। यहां सबसे हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय कोर्ट परिसर में डिप्टी एसपी और पुलिस इंस्पेक्टर जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी के बीच युवक पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद पुलिस बंदोबस्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Image Source : REPORTER INPUTआरोपी
वारदात के तुरंत बाद मुस्तैदी दिखाते हुए पश्चिम कच्छ पुलिस के DySP एम.जे. क्रिश्चियन ने हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया। चाकू लगने से लहूलुहान हुए गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
भुज सेशंस कोर्ट में सनसनी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों को लगी चोटों और पूरी घटना के क्रम को लेकर जांच कर रही है, जबकि शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कोर्ट परिसर में ही चाकू से हमले की घटना सामने आने के बाद भुज कोर्ट में भारी चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने घायलों के इलाज के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पुलिस जांच कर रही है कि हमलावर सुरक्षा घेरे को तोड़कर अदालत परिसर के अंदर हथियार ले जाने में कैसे कामयाब हुआ।
देखें वीडियो-
(रिपोर्ट- नितेश गोर)
यह भी पढ़ें-
नवसारी के उनाई माता मंदिर में दर्दनाक हादसा, गर्म पानी के कुंड में डूबने से 7 साल के बच्चे की मौत









