नई दिल्ली के आनंद विहार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बिजली के खंभे के पास एक व्यक्ति मृत पाया गया। युवक का शव मिलने से इलाका में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में मौत की वजह बिजली का झटका लगना यानी करंट बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खंभे के पास बेहोश पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि संदीप का एक पैर गड्ढे में था जबकि उसका हाथ और सिर खंभे से टिका हुआ था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में करंट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद आनंद विहार थाने में लापरवाही का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने खारिज की करंट की बात, हत्या की जताई आशंका
दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने पुलिस के दावों को सिरे से खारिज करते हुए संदीप की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शरीर पर मौजूद चोटें किसी दुर्घटना के बजाय जानबूझकर की गई हत्या की ओर इशारा करती हैं। मां किशन प्यारी ने रोते हुए बताया, ‘मेरा बेटा संदीप काम से देर से लौट रहा था इसलिए मैंने फोन किया तो उसने नहीं उठाया बल्कि किसी और ने फोन रिसीव किया। इसके बाद फोन बंद हो गया।’
वहीं मृतक के भाई मनीष का कहना है कि संदीप के शरीर पर चोट के निशान हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। मनीष ने आरोप लगाया, ‘यह करंट से हुई मौत नहीं है बल्कि साफ तौर पर हत्या है। उसे मारकर वहां फेंका गया है। उन्होंने कहा कि संदीप के शरीर पर करंट लगने का कोई नहीं निशान नहीं है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। हम पुलिस की शुरुआती जांच से संतुष्ट नहीं हैं और मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें-









