फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की बेटी भाई को राखी बांधने के लिए घर से निकली और वापस नहीं लौटी। बाद में उसका शव निचली गंगा नहर में उतराता हुआ मिला तो पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला। आशंका है कि जिस स्थिति में शव बरामद हुआ, उससे साफ लग रहा है कि दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
24 साल की एक युवती का शव शनिवार को नहर से बरामद किया गया। युवती शुक्रवार से लापता थी, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर तलाशी अभियान चलाया था। युवती के पिता रिटायर्ड प्रिसिंपल हैं। बेटी अपने पिता से शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राखी बांधने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर 12 बजे तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान पता चला कि उसका शव जलाला नहर पुल के पास नहर में बहते हुए शाम को देखा गया था।
पुलिस और ग्रामीणों ने की थी तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112, बकेवर पुलिस, चौडगरा चौकी और कल्यानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने देर रात तक टॉर्च की रोशनी में नहर में युवती की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और बकेवर व कल्याणपुर थाना पुलिस फिर से मौके पर जुटी और करीब 5 घंटे चले सघन तलाशी अभियान के बाद युवती का शव अदमापुर नहर पुल के पास से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने युवती के शव को देखा तो शव के कपड़े अस्त-व्यस्त हालात में थे जिससे प्रतीत हुआ कि युवती का किसी ने दुष्कर्म करने के बाद उसे नहर में फेंक दिया है और नहर में पानी अधिक होने के चलते वह पानी मे डूब गई और उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर अपनी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव का बयान आया सामने
थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन युवती नहीं मिली तो रात होने के चलते ऑपरेशन रोक दिया गया। सुबह शनिवार को एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई।
5 घंटे की कड़ी खोजबीन के बाद युवती का शव बरामद कर लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया जा रहा है कि युवती अपने ममेरे भाई को राखी बांधने ले लिए घर से निकली थी और लापता हो गई जिसके बाद पुलिस को जानकारी मिली तो उसकी खोजबीन शुरू की गई और शव नहर से बरामद किया गया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ सही जानकारी हो पाएगी।
इससे पहले बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का एनकाउंटर हुआ था और दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।(रिपोर्ट- उमेश चंद्रा)
ये भी पढ़ें-








