पंजाब के लुधियाना के पॉश इलाके किचलू नगर में गुरुवार के दिन अचानक मुख्य सड़क धंस गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इस घटना से एकाएक हड़कंप सा मच गया। डीएमसी रोड की ओर जाने वाली सड़क करीब 15 से 20 फीट गहरी और लगभग 30 फीट लंबाई तक धंस गई, जिसके बाद मार्ग को पूरी तरह बंद कर बैरिकेडिंग कर दी गई।
सड़क धंसने के साथ ही नीचे बिछी सीवरेज पाइपलाइन भी टूट गई, जिससे तेज पानी का बहाव शुरू हो गया और गड्ढा बढ़ने की आशंका के चलते पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया। पास ही स्थित मकान मालिक कमल सिंघानिया ने बताया कि उनकी कोठी के बाहर खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का एक पहिया अचानक सड़क में धंस गया।
तेजी से धंसने लगी सड़क
ट्रैक्टर चालक वाहन निकालकर चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद सड़क तेजी से धंसने लगी। तेज आवाज सुनकर परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल आए और नगर निगम व पुलिस को सूचना दी गई। एहतियात के तौर पर घर खाली करा दिया गया और निगम की टीम मकान को आरसीसी सपोर्ट देकर सुरक्षित करने में जुट गई।
10 दिन में ठीक होगी सड़क
नगर निगम को आशंका है कि भूमिगत केबल या अन्य यूटिलिटी लाइनें बिछाने के दौरान किसी कंपनी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। मामले की जांच कर जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। निगम ने लोगों से डीएमसी रोड जाने के लिए फिलहाल वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील भी कर दी है। जानकारी के अनुसार सड़क की मरम्मत और यातायात बहाल करने में करीब 10 दिन लग सकते हैं।
पहले भी हुई थी घटना
ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली धंसने से पहले भी इसी जगह पर सड़क धंसी थी। हालांकि, तब इतना बड़ा गड्ढा नहीं हुआ था। इस वजह से नगर निगम ने अस्थायी रूप से मिट्टी भर दी थी और सड़क बनवा दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद दोबारा सड़क धंस गई और इस बार विशालकाय गड्ढा हो गया, जिससे मकान के ढहने का डर भी बना हुआ है। इसी वजह से घर खाली करा लिया गया है। नगर निगम की टीमें मौके पर हैं। जांच का आदेश दिया गया है। पहले मकान को सुरक्षित करने और सीवर ठीक करने पर जोर है, फिर सड़क की मरम्मत होगी।
(लुधियाना से तुषार भारती की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
आधी रात बालू माफिया पर रेड डालने निकले पंजाब के पूर्व सीएम चन्नी, ट्रक और मजदूर सब पकड़े








