लगभग 50 साल से पाकिस्तान क्रिकेट फैंस को जिस रिकॉर्ड का इंतजार था, उसे आखिरकार अब्दुल्ला शफीक ने पूरा कर दिया। कैरेबियाई सरजमीं पर पाकिस्तान के किसी बल्लेबाज ने 49 साल से टेस्ट में 150 रन का आंकड़ा नहीं छुआ था, लेकिन शफीक ने शानदार नाबाद 160 रन की पारी खेलकर इस लंबे इंतजार को खत्म कर दिया। उनकी इस यादगार पारी की बदौलत पाकिस्तान ने त्रिनिदाद टेस्ट में वेस्टइंडीज पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन पाकिस्तान ने पहली पारी में 387 रन बनाए और 43 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। इसके बाद गेंदबाजों ने भी कमाल दिखाया। ऑफ स्पिनर साजिद खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज का स्कोर 6 विकेट पर 103 रन कर दिया।
अब्दुल्ला शफीक ने खेली कमाल की पारी
दूसरे दिन अब्दुल्ला शफीक ने शानदार शतक जड़ने का कारनामा किया। शफीक तीसरे दिन भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए महफिल लूटने में सफल रहे। उन्होंने बेहद संयम और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 160 रन बनाए। अपनी पारी में शफीक ने 15 चौके और तीन छक्के लगाए। उनकी इस पारी ने पाकिस्तान को मजबूत बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही शफीक 1977 के बाद वेस्टइंडीज की धरती पर टेस्ट मैच में 150 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले यह कारनामा माजिद खान ने 1977 में गुयाना में 167 रन की पारी खेलकर किया था। वहीं, कैरेबियाई सरजमीं पर टेस्ट में 150 से ज्यादा रन बनाने वाले पाकिस्तान के बल्लेबाजों की सूची में अब शफीक का नाम भी शामिल हो गया है। इस सूची में हनीफ मोहम्मद, वजीर मोहम्मद, माजिद खान, अब्दुल्ला शफीक और सईद अहमद शामिल हैं।
कैरिबियाई सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में पाकिस्तानी बल्लेबाजों का हाईएस्ट स्कोर
- हनीफ मोहम्मद (1958) – 337
- वजीर मोहम्मद (1958) – 189
- माजिद खान (1977) – 167
- अब्दुल्ला शफीक (2026) – 160*
- सईद अहमद (1958) – 150
पाकिस्तान के पास बराबरी का मौका
पाकिस्तान की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के लिए स्पिनर जोमेल वॉरिकन ने गेंद से बेहतक खेल दिखाया और 112 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत मेजबान टीम पाकिस्तान को बहुत बड़ी बढ़त लेने से रोकने में सफल रही। वेस्टइंडीज की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग पीठ की चोट के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके। अब उनकी चौथे दिन खेलने पर भी संशय बना हुआ है। ऐसे में वेस्टइंडीज पर पारी और मैच बचाने का दबाव बढ़ गया है, जबकि पाकिस्तान की नजरें अब इस टेस्ट को जीतकर दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर करने पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें:
बाबर आजम फिर रहे अनलकी, दूसरे टेस्ट में शतक के करीब आकर हुए रन आउट
आयरिश गेंदबाज के पास इतिहास रचने का मौका, बन सकते हैं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज








