ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ठाणे के बदलापुर में एक दही हांडी कार्यक्रम के दौरान नन्हा गोविंदा काफी ऊंचाई से नीचे गर गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि अचानक गोविंदा के बचाव के लिए लगाई गई सेफ्टी बेल्ट टूट गया। वहीं सेफ्टी बेल्ट टूटते ही गोविंदा एकदम से नीचे गिर गया। हालांकि घटना के बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बावजूद ऐसे कार्यक्रमों से पहले गोविंदाओं की सुरक्षा को लेकर की जा रही लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सातवें थर से नीचे गिरा गोविंदा
दरअसल, बदलापुर में आयोजित ‘माखन चोर दही कला उत्सव’ के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब सातवें थर पर मौजूद एक नन्हा गोविंदा अचानक नीचे गिर गया। यह दही हांडी उत्सव शिवसेना युवा सेना के शहर प्रमुख मितेश धुले के द्वारा आयोजित किया गया था। उत्सव के दौरान प्रज्वल प्रतिष्ठान के गोविंदाओं ने चोरहंडी फोड़ने के लिए सात थरों की सलामी दी। सातवें थर की सलामी पूरी होने के बाद अचानक गोविंदा की सुरक्षा के लिए लगाया गया सेफ्टी बेल्ट टूट गया। बेल्ट टूटते ही सातवें थर पर मौजूद चिमुकला सीधे नीचे जा गिरा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद नागरिकों और गोविंदाओं में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बाल गोविंदा के नीचे गिरते ही उसे तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
घटना का वीडियो आया सामने
बता दें कि दही हांडी उत्सव में ऊंचे थर बनाते समय गोविंदाओं की सुरक्षा के लिए सेफ्टी बेल्ट समेत कई सुरक्षा उपाय किए जाते हैं। ऐसे में सातवें थर की सलामी के तुरंत बाद सेफ्टी बेल्ट टूटने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक नन्हा गोविंदा बिल्कुल ऊंचाई तक पहुंचता है और वहां सलामी देता है। इसके बाद अचानक सेफ्टी बेल्ट टूटने की वजह से वह नीचे गिर जाता है। वहीं वीडियो सामने आने के बाद दही हांडी उत्सव में गोविंदाओं की सुरक्षा और इस्तेमाल किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। (इनपुट- सुनील शर्मा)
यह भी पढ़ें-
विधायक नंदकिशोर गुर्जर को मिली जान से मारने की धमकी, घर में घुसकर बम से उड़ाने की कही बात








