मोबाइल की लत के कारण एक्ट्रेस को करानी पड़ी गर्दन की सर्जरी, लोगों की दी चेतावनी, डॉक्टर ने बताया खतरनाक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


एक्ट्रेस और यूट्यूबर शकीला ने हाल ही में अपनी सेहत से जुड़ा एक डरावना अनुभव शेयर किया है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक मोबाइल चलाने और गलत पॉश्चर में रहने के बाद उन्हें गर्दन की सर्जरी करानी पड़ी, जिस पर करीब 3 लाख रुपये खर्च हुए। शकिला ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए एक वीडियो में बताया कि वह कई-कई घंटे मोबाइल पर गेम खेलती थीं और वीडियो देखती थीं। इस दौरान वह अक्सर बेड पर गलत पोजीशन में लेटकर मोबाइल चलाती थीं।

फिलहाल शकीला सर्जरी के बाद ठीक हो रही हैं और डॉक्टर ने उन्हें नेक कॉलर पहनने की सलाह दी है। उन्होंने अपने अनुभव को मजाकिया अंदाज में शेयर करते हुए लोगों, खासकर माता-पिता को बच्चों और खुद के ज्यादा मोबाइल इस्तेमाल को लेकर सावधान रहने की सलाह दी।

लंबे समय तक फोन चलाने से गर्दन पर असर

एक्सपर्ट्स का कहना है कि मोबाइल के ज्यादा इस्तेमाल और गर्दन की गंभीर बीमारी के बीच संबंध को समझते समय सावधानी जरूरी है। फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल में ऑर्थोपेडिक्स और स्पाइन सर्जरी के कंसल्टेंट एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर अर्चित गोयल ने बताया कि गर्दन की गंभीर समस्या हमेशा गिरने या किसी चोट के कारण ही शुरू हो, ऐसा जरूरी नहीं है। डॉक्टर के मुताबिक, लंबे समय तक गर्दन को आगे या एक तरफ झुकाकर रखने से गर्दन की रीढ़ पर लगातार दबाव पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में गर्दन को संभालने वाली मांसपेशियों पर लगातार दबाव रहता है। साथ ही रीढ़ की हड्डी के बीच की डिस्क, जोड़ों और लिगामेंट्स पर भी बार-बार तनाव पड़ सकता है। इससे कुछ लोगों को गर्दन में अकड़न, कंधे में दर्द, सिरदर्द, कंधों के बीच जलन या हाथ तक जाने वाला दर्द महसूस हो सकता है।

गर्दन के दर्द को कब नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?

हर बार गर्दन में दर्द होने का मतलब यह नहीं है कि रीढ़ की हड्डी में कोई गंभीर समस्या है। कई बार लंबे समय तक गलत पॉश्चर में बैठने से सामान्य मांसपेशियों में खिंचाव भी हो सकता है। लेकिन अगर गर्दन के दर्द के साथ हाथ-पैर में झनझनाहट, सुन्नपन, हाथ में कमजोरी, चीजें हाथ से गिरना या पकड़ कमजोर होना जैसी समस्या हो रही है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर बार-बार गर्दन में दर्द हो रहा है या उसके साथ सुन्नपन और कमजोरी जैसे लक्षण भी हैं, तो डॉक्टर से जांच करवाना बेहतर है।

क्या मोबाइल पर गेम खेलने से डिस्क की बीमारी हो जाती है?

डॉक्टर गोयल ने इस बारे में सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनके मुताबिक, लंबे समय तक गेम खेलने और स्मार्टफोन इस्तेमाल करने से गलत पॉश्चर में रहने और गर्दन व हाथों से जुड़ी मांसपेशियों की समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि मोबाइल गेम खेलने से हर व्यक्ति को डिस्क की बीमारी होगी या सर्जरी की जरूरत पड़ेगी। असल समस्या मोबाइल फोन से ज्यादा उसके इस्तेमाल के तरीके में हो सकती है। खासकर जब कोई व्यक्ति कई घंटों तक बिना ब्रेक लिए एक ही गलत पॉश्चर में बैठा या लेटा रहता है।

क्या सावधानी बरतें

  • मोबाइल इस्तेमाल करते समय पॉश्चर का ख्याल रखें
  • लंबे समय तक फोन का इस्तेमाल करते समय शरीर के संकेतों पर ध्यान दें
  • हाथ में सुन्नपन और कमजोरी महसूस होने लगे
  • बीच-बीच में गेम या फोन और लैपटॉप से ब्रेक लें
  • फोन इस्तेमाल करते वक्त बीच-बीच में पोजीशन बदलें और ब्रेक लें
  • लंबे समय तक गर्दन को एक ही स्थिति में रखने से बचना भी जरूरी है

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें