जोश टंग और ओली रॉबिन्सन का कहर, 28 साल बाद इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने रचा इतिहास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हेडिंग्ले में पाकिस्तान के बल्लेबाजों के पास इंग्लैंड के जोश टंग और ओली रॉबिन्सन की गेंदों का कोई जवाब नहीं था। दोनों तेज गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की पहली पारी को महज 171 रन पर समेट दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 28 साल बाद ऐसा कारनामा हुआ, जब एक ही पारी में दो इंग्लिश तेज गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट झटके

पहले टेस्ट के पहले दिन टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। रॉबिन्सन ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेकर इरादे साफ कर दिए। उन्होंने 18 ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। वहीं टंग ने सिर्फ 9.1 ओवर में 46 रन खर्च किए और पाकिस्तान के पांच बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। दोनों की शानदार गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम 171 रन पर ढेर हो गई।

28 साल बाद दिखा अनोखा नजारा

टंग और रॉबिन्सन अब इंग्लैंड के लिए एक ही टेस्ट पारी में पांच-पांच विकेट लेने वाली पहली तेज गेंदबाजी जोड़ी नहीं हैं, लेकिन 28 साल बाद ऐसा करने वाली पहली इंग्लिश पेस जोड़ी जरूर बन गई है। इससे पहले यह उपलब्धि 1998 में एंडी कैडिक और एंगस फ्रेजर ने हासिल की थी। दोनों ने पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट की पहली पारी में पांच-पांच विकेट लिए थे।

इंग्लैंड के लिए एक ही पारी में दो गेंदबाजों के पांच विकेट लेने का सिलसिला हालांकि काफी पुराना है। 1896 में लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉम रिचर्डसन और जैक हर्न ने दूसरी पारी में पांच-पांच विकेट लेकर यह कारनामा किया था। वहीं, इंग्लैंड के दो गेंदबाजों के एक ही पारी में पांच विकेट लेने का सबसे पहला कारनामा साल 1888 में हुआ था।। सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जॉर्ज लोहमैन और बॉबी पील ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

WTC 2025-27 में 50 विकेट पूरे

टंग के लिए पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेना एक और वजह से खास रहा। वह 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में 50 विकेट का आंकड़ा छूने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। हेडिंग्ले में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने जिस तरह पाकिस्तान की बल्लेबाजी को तहस-नहस किया, उससे पहले ही दिन मुकाबले पर मेजबान टीम की पकड़ मजबूत हो गई।

यह भी पढ़ें:

93 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ बराबर, मानव सुथार ने रचा इतिहास, खास क्लब में बनाई जगह

पाकिस्तान करेगा श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी, वनडे ट्राई सीरीज के शेड्यूल का भी हुआ ऐलान

Latest Cricket News





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें