मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल पूरी तरह से तेज गेंदबाजों के पक्ष में रहा। मुकाबले के पहले दिन कुल 18 विकेट गिरे। मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। उनके इस फैसले को सही ठहराते हुए मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी की और बांग्लादेश की पहली पारी को महज 64 रनों पर समेटने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। स्टार्क ने इस दौरान 6 विकेट अपने नाम किए और सिर्फ 22 गेंदों में अपना 5 विकेट हॉल भी पूरा किया था। वहीं बांग्लादेश की तरफ से शोरिफुल इस्लाम ने भी 6 विकेट हॉल लिया।
स्टार्क ने पारी की पहली गेंद पर लिया विकेट
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए बांग्लादेश को शुरुआती झटके दिए और पहला सत्र पूरी तरह अपने नाम कर लिया। स्टार्क ने पहली ही गेंद पर विकेट निकाला और फिर एक ही ओवर में तंजिद हसन व नजमुल हुसैन शांतो को आउट कर बांग्लादेश की कमर तोड़ दी। इसके बाद उन्होंने मोमिनुल हक और लिटन दास को भी पवेलियन भेजकर 5 विकेट हॉल पूरा किया। बांग्लादेश के चार बल्लेबाज बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
कमिंस ने भी झटके 3 विकेट
लंच के बाद कमिंस और हेजलवुड ने भी कसी हुई गेंदबाजी की और बाकी बचे बल्लेबाजों को जल्दी से पवेलियन भेजने का काम किया। पैट कमिंस ने 3 और हेजलवुड ने 1 विकेट चटकाया। बांग्लादेश की ओर से सबसे बड़ी 25 रनों की साझेदारी 10वें विकेट के लिए तैजुल और शोरिफुल के बीच हुई। आखिरकार स्टार्क ने ही इस साझेदारी को तोड़कर बांग्लादेश की पहली पारी को 64 रन के स्कोर पर समेट दिया। स्टार्क ने पहली पारी में कुल 6 विकेट अपने नाम किए।
शोरिफुल इस्लाम ने लिए 6 विकेट हॉल
बांग्लादेश को कम स्कोर पर आउट करने के बाद ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और शोरिफुल इस्लाम ने टीम को शुरुआत झटके दिए। हालांकि, स्टीव स्मिथ (42 रन) और कैमरन ग्रीन ने संभलकर खेलते हुए टीम को बढ़त दिलाई। स्मिथ के आउट होने के बाद एक तरफ से लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन ग्रीन एक छोर से बल्लेबाजी करते रहे और अपना अर्धशतक पूरा किया। बांग्लादेश के लिए शोरिफुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए, जबकि तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज को 1-1 विकेट मिला। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 165 रन बना लिए हैं। कैमरून ग्रीन 51 और नाथन लियोन 10 रन बनाकर बैटिंग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें
इंग्लैंड की खिलाड़ी ने किया रिटायरमेंट का ऐलान, 15 साल लंबा रहा है इंटरनेशनल करियर









