ऑस्ट्रेलिया के लिए 44 इंटरनेशनल मैच खेल चुके 39 साल के ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स अब पुर्तगाल की क्रिकेट टीम की तरफ से खेलते नजर आएंगे। उन्हें टीम का नया कप्तान बनाया गया है। उनकी मुख्य जिम्मेदारी पुर्तगाल को 2028 T20 वर्ल्ड कप में जगह दिलाना है। दरअसल का जन्म पुर्तगाल में ही हुआ था, इसलिए वे नियमानुसार वहां से खेलने के योग्य हैं। पुर्तगाल भी अब क्रिकेट में आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है, इसीलिए हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट छोड़कर अपने पुर्तगाल के लिए खेलने का फैसला किया है।
T20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर टूर्नामेंट के लिए पुर्तगाल ने किया टीम का ऐलान
पुर्तगाल ने आगामी T20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर टूर्नामेंट के लिए अपनी क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम की कमान ऑस्ट्रेलिया के 39 वर्षीय पूर्व स्टार ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स को सौंपी गई है। पुर्तगाल की टीम अब यूरोप सब-रीजनल क्वालीफायर C में खेलती हुई नजर आएगी। फुटबॉल में अपना जलवा दिखाने के बाद अब यह देश क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाना चाहता है। टीम का मुख्य लक्ष्य पहली बार T20 वर्ल्ड कप में जगह पक्की करना है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए 4 टेस्ट मैच खेल चुके हैं हेनरिक्स
मोइसेस हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल के उसी मदीरा द्वीप पर हुआ था, जहां फुटबॉल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो पैदा हुए थे। बचपन में ही उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया जाकर बस गया था। आगे चलकर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 4 टेस्ट, 16 वनडे और 24 टी20 मैच खेले, साथ ही घरेलू क्रिकेट में न्यू साउथ वेल्स और सिडनी सिक्सर्स के लिए लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं। ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वे अपनी जन्मभूमि पुर्तगाल की तरफ से खेलने जा रहे हैं।
ICC T20 रैंकिंग में 37वें नंबर पर है हेनरिक्स की टीम
ICC T20 रैंकिंग में 37वें नंबर पर मौजूद पुर्तगाल की टीम को इस क्वालीफायर टूर्नामेंट के ग्रुप-बी में रखा गया है। यहां उसका मुकाबला इजराइल, जर्मनी, ग्रीस और चेकिया से होगा। 14 से 20 अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में अपने ग्रुप में सबसे ऊपर रहने वाली टीम 21 अगस्त को फाइनल मुकाबला खेलेगी। पुर्तगाल अपने अभियान की शुरुआत 14 अगस्त को इजराइल के खिलाफ मैच से करेगा। अगर मोइसेस हेनरिक्स अपनी कप्तानी में टीम को आगे ले जाने में सफल रहते हैं, तो फुटबॉल के लिए पहचाने जाने वाले इस देश के लिए यह क्रिकेट में एक नया इतिहास रचने जैसा होगा।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी के लिए शुरू की जोरदार तैयारी, सिर्फ डिफेंस पर कर रहे हैं फोकस
भारत-अफगानिस्तान T20I सीरीज का शेड्यूल तय, 13 सितंबर से दिल्ली में खेले जाएंगे मुकाबले








