ऑस्ट्रेलिया की सारी हेकड़ी हवा हो चुकी है। टीम अब उस मुहाने पर नजर आ रही है, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ, वो होता हुआ दिख रहा है। दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इसका पहला मुकाबला अभी डार्विन में जारी है। तीन दिन का खेल हो चुका है और इस वक्त बांग्लादेश की टीम कंगारुओं पर भारी पड़ती हुई दिख रही है। इस बीच ये मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो सकता है। अभी दो और दिन का खेल बाकी है, इसमें करिश्मा हो सकता है।
पहले पारी में बांग्लादेश ने ली जबरदस्त बढ़त
बांग्लादेश क्रिकेट इस वक्त टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। पहले दिन कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया, लेकिन पहले ही दिन पूरी टीम केवल 198 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद जब बांग्लादेश की बल्लेबाजी शुरू हुई तो टीम ने 426 रनों का बड़ा स्कोर बना दिया। अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 101 रन बना दिए। इस तरह से बांग्लादेश ने पहली पारी के आधार पर 228 रनों की लीड ले ली। इतना नहीं, बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना दूसरा बड़ा टेस्ट स्कोर भी बना दिया। इससे पहले टीम ने साल 2006 में 427 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में भी कंगारू बल्लेबाज नहीं बना पा रहे हैं रन
उम्मीद की जा रही थी कि कम से कम दूसरी पारी में तो कंगारू टीम अच्छी बल्लेबाजी करेगी, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ। तीसरे दिन का खेल जब खत्म हुआ, तब तक ऑस्ट्रेलिया ने अपने चार विकेट के नुकसान पर 161 रन ही बनाए थे। अभी भी ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेश के स्कोर से 67 रन पीछे और उसके पास केवल छह विकेट और बचे हैं। अभी दो और दिन का खेल बाकी है।
अब तक ऑस्ट्रेलिया से एक ही मैच जीत पाई है बांग्लादेशी टीम
खास और अहम बात ये है कि ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच अब तक 6 टेस्ट मैच खेले गए हैं। अभी सातवां मुकाबला जारी है। इसमें से पांच मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं और केवल एक ही बार बांग्लादेश ने बाजी मारी है। एक मैच ड्रॉ रहा है। लेकिन बांग्लादेश ने जो मैच जीता है, वे अपने घर पर जीता है। ये पहली बार होगा, जब बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराने के बेहद करीब जा पहुंची है। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर बांग्लादेश ने अभी तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीता है।
साल 2003 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेल रही है बांग्लादेशी टीम
दरअसल ऐस शायद इसलिए भी हुआ होगा, क्योंकि साल 2003 के बाद अब जाकर बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर टेस्ट खेलने गई है। इससे पहले जब साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेली गई थी, तब बांग्लादेशी टीम दोनों मैच हार गई थी। बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट जीत 2017 में ढाका में आई थी। तब ऑस्ट्रेलिया को 20 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें
यशस्वी जायसवाल ने जो किया, वो तो अनोखा है, 30 मैच 30 मैदान और 32 पर आउट
भारत बनाम श्रीलंका पहले टेस्ट में दो घंटे का वक्त बर्बाद, अब कैसे किया जाएगा इसे मैनेज








