बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस महकमे के भीतर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा एक्शन लिया है। थाने में अवैध वसूली और निर्दोष लोगों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने के गंभीर मामले का खुलासा होने के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष, सिपाही, ड्राईवर और दलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस सख्त कार्रवाई से पूरे जिले के पुलिस प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है।
कहा का मामला
जादोपुर थाने में निर्दोष लोगों को अवैध रूप से हिरासत में रखने और पैसे लेकर छोड़ने के आरोप में बड़ी कार्रवाई हुई है। एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर जांच के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार लोगों में तत्कालीन थानाध्यक्ष अनिल राम, चौकीदार राजू यादव, राकेश कुमार और थाने का कथित दलाल महंथ कुमार यादव शामिल हैं।
क्या है मामला
दरअसल, 16 अगस्त को जादोपुर थाने में कुछ निर्दोष लोगों को अवैध रूप से हिरासत में रखने और पैसे लेकर छोड़ने की शिकायत एसपी विनय तिवारी को मिली थी। शिकायत को एसपी ने गंभीरता से लिया और मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी मुख्यालय को सौंपी गई। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई गंभीर आरोप सामने आए। जांच के दौरान सामने आया कि जितन राम, विजय राम, शंकर राम समेत एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी को बिना प्राथमिकी या कानूनी अनुमति के करीब 36 घंटे तक थाना परिसर में रखा गया। आरोप है कि मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई। वहीं महिला और उसकी नाबालिग बेटी को छोड़ने के नाम पर 75 हजार रुपये और केस से नाम हटाने के नाम पर 55 हजार रुपये लेने का भी आरोप जांच में सामने आया।
एसपी का अल्टीमेटम
मामले की जांच के दौरान गवाहों को डराने और प्रभावित करने की कोशिश किए जाने के आरोप भी सामने आए। इसके बाद जादोपुर थाना कांड संख्या 185/2026 दर्ज किया गया। कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थानाध्यक्ष अनिल राम, चौकीदार राजू यादव, राकेश कुमार और थाने के कथित दलाल महंथ कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने साफ संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में कानून का उल्लंघन, अवैध हिरासत या किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट – Ayaz Ahmad)







