मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड की जुलाई में कुल बिक्री 34 प्रतिशत बढ़कर 2,41,421 यूनिट रही, जबकि पिछले साल जुलाई ये 1,80,526 इकाई थी। जुलाई में कंपनी की घरेलू पैसेंजर कार बिक्री 43.4 प्रतिशत बढ़कर 1,96,203 इकाई रही, जबकि जुलाई 2025 में ये 1,37,776 इकाई थी। जुलाई 2026 में कंपनी ने घरेलू बाजार में पैसेंजर कार बिक्री की अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
टाटा मोटर्स की बिक्री में 59 प्रतिशत की बंपर तेजी
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड की कुल बिक्री जुलाई में 59 प्रतिशत बढ़कर 63,760 यूनिट हो गई। पिछले साल की समान अवधि में ये 40,175 यूनिट थीं। टाटा मोटर्स ने एक बयान में बताया कि जुलाई 2025 में 39,521 कारों की तुलना में जुलाई 2026 में कंपनी की घरेलू पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 58 प्रतिशत बढ़कर 62,611 यूनिट हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 76 प्रतिशत बढ़कर 1,149 यूनिट रही, जो पिछले साल जुलाई में 654 यूनिट थी। कंपनी ने बताया कि जुलाई 2026 में इलेक्ट्रिक पैसेंजर कार की कुल बिक्री 114 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 15,217 यूनिट रही, जबकि जुलाई 2025 में ये 7,124 इकाई थी।
महिंद्रा ने जुलाई में बेची कुल 1,03,860 गाड़ियां
महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल वाहन बिक्री जुलाई में 26 प्रतिशत बढ़कर 1,03,860 यूनिट हो गई। कंपनी ने शनिवार को बताया कि जुलाई 2026 के दौरान घरेलू बाजार में यूटिलिटी व्हीकल (SUV) की बिक्री 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 60,048 यूनिट रही, जो जुलाई 2025 में 49,871 यूनिट थी। महिंद्रा ने बताया कि जुलाई में कंपनी की डोमेस्टिक कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री 23 प्रतिशत बढ़कर 25,204 रही। कंपनी ने बताया कि जुलाई 2026 में उसका कुल निर्यात 47 प्रतिशत बढ़कर 4,070 महिंद्रा रहा।
हुंडई ने किया अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड की बिक्री जुलाई 2026 में 25.4 प्रतिशत बढ़कर 75,360 इकाई रही। ये कंपनी की अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री है। हुंडई ने बताया कि घरेलू बाजार में भी कंपनी की बिक्री अब तक की सर्वाधिक 54,210 यूनिट रही, जो पिछले साल जुलाई से 23.3 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी के सीईओ और एमडी तरुण गर्ग ने कहा, ”हमने नई तिमाही की शुरुआत मजबूत प्रदर्शन के साथ की है। जुलाई में कुल 75,360 गाड़ियों की बिक्री कंपनी के इतिहास की सबसे बड़ी मासिक बिक्री है।”
टोयोटा और एमजी मोटर की बिक्री भी बढ़ी
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने शनिवार को बताया की कंपनी की घरेलू बिक्री जुलाई 2026 में 5 प्रतिशत बढ़कर 30,516 यूनिट हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में ये 29,159 इकाई थी। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया से जुलाई 2026 में डीलर को भेजे गई गाड़ियों की संख्या 22 प्रतिशत बढ़कर 8,158 यूनिट हो गई। ये कंपनी की अब तक की सबसे ज्यादा मासिक थोक बिक्री है। कंपनी ने एक बयान में बताया कि जुलाई 2026 में उसके न्यू एनर्जी व्हीकल (NEV) पोर्टफोलियो ने भी अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कंपनी की कुल बिक्री में NEV की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से ज्यादा रही।
निसान मोटर की थोक बिक्री 66.5 प्रतिशत बढ़ी
निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की कुल थोक बिक्री जुलाई में 66.5 प्रतिशत बढ़कर 9,339 यूनिट हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में ये 5,608 यूनिट थी। कंपनी ने शनिवार को एक बयान में बताया कि घरेलू थोक बिक्री जुलाई में 4,518 यूनिट रही, जो पिछले साल जुलाई में 1,420 यूनिट थी।
ये भी पढ़ें







