बुलंदशहर में हत्या के एक सनसनीखेज मामले की जांच के दौरान बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस हिरासत में मौजूद दो आरोपियों ने भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, चोला थाना क्षेत्र में 3 अगस्त को हुई गोली मारकर हत्या की वारदात में वांछित अनिल सोलंकी और जितेश, दोनों दाऊदपुर गांव के रहने वाले हैं। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए फतेहपुर जादौन रेलवे पुल के पास ले जाया गया था।
दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद
इसी दौरान दोनों आरोपियों ने अचानक पुलिस टीम को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि भागते समय उन्होंने पुलिस पर तमंचों से फायरिंग भी कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दोबारा हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अनिल सोलंकी के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि जितेश पर तीन मुकदमे चल रहे हैं। दोनों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इलाज के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। इस मुठभेड़ से साफ है कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का जबरदस्त अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में बागपत में में गोतस्करों के खिलाफ दोघट थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। प्रतिबंधित पशु कटान के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
(रिपोर्ट: वरुण शर्मा)
यह भी पढ़ें:
ऑपरेशन ‘प्रहार’ में मऊ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में इनामी गौ-तस्कर को किया गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में लूट और हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली









