मिलावट से पाएं छुटकारा, घर पर झटपट बनाएं ताजा कश्‍मीरी लाल मिर्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


त्योहारों का सीजन हो या रोज का खाना, हमारी रसोई में ‘कश्मीरी लाल मिर्च’ का एक खास स्थान है। यह न सिर्फ डिश को एक खूबसूरत गहरा लाल रंग देती है, बल्कि इसका तीखापन भी इतना हल्का होता है कि हर कोई इसे चाव से खा सकता है। लेकिन बाजार में मिलने वाली कश्मीरी मिर्च में अक्सर आर्टिफिशियल रंग, लकड़ी का बुरादा या फिर हानिकारक केमिकल्स की मिलावट का खतरा बना रहता है। यह मिलावट न केवल आपकी सेहत के लिए खतरनाक है, बल्कि खाने के असली स्वाद को भी खराब कर देती है।  ऐसे में अपनी और अपने परिवार की सेहत से समझौता क्यों करना, जब आप इसे घर पर ही बेहद आसानी से और झटपट तैयार कर सकते हैं। यहां जान लें कश्मीरी लाल मिर्च बनाने का आसान तरीका। 

सामग्री

  • कश्मीरी सूखी लाल मिर्च: 250 ग्राम
  • सरसों का तेल: 1 छोटा चम्मच
  • नमक: आधा छोटा चम्मच

बनाने का तरीका


स्टेप 1: सबसे पहले सूखी कश्मीरी लाल मिर्च के डंठल हटा दें। मिर्च को बीच से तोड़े और अगर आप तीखापन और भी कम करना चाहते हैं, तो इसके सारे बीज बाहर निकाल लें।

स्टेप 2: मिर्च को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसकी नमी खत्म करना जरूरी है। आप इसे 1-2 घंटे के लिए कड़क धूप में रख सकते हैं। अगर धूप न हो, तो कढ़ाई को धीमी आंच पर गर्म करें और मिर्च को बस 1 से 2 मिनट के लिए हल्का सा सेक लें। ध्यान रहे कि मिर्च का रंग काला न पड़े।

स्टेप 3: मिर्च को थोड़ा ठंडा होने दें। फिर इसे मिक्सी के जार में डालें। मिक्सी को एक साथ लगातार चलाने के बजाय ‘पल्स मोड’ पर पीसें। इससे मिक्सी का जार गर्म नहीं होगा और मिर्च का नेचुरल रंग और खुशबू बरकरार रहेगी।

स्टेप 4: पिसे हुए पाउडर को एक महीन छलनी से छान लें। छलनी में बचे मोटे टुकड़ों को दोबारा मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें।

स्टेप 5: तैयार मिर्च पाउडर में आधा चम्मच नमक और 1 चम्मच सरसों का तेल डालकर हाथों से अच्छे से मिला लें। नमक नमी को सोखता है और तेल इसका गहरा लाल रंग बनाए रखता है। बनकर तैयार है ताजा कश्मीरी मिर्च पाउडर। अब इसे आप सब्जी में इस्तेमाल करें। 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें