प्रतापगढ़: कहते हैं कि सच्चा प्यार किसी पहरे या बंदिश का मोहताज नहीं होता और जब बात जान पर बन आए तो मोहब्बत और भी गहरी हो जाती है। प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक ऐसी ही गजब प्रेम कहानी देखने को मिली है। यहां रहने वाले अमर बहादुर और उसके दोस्त सोनू निगम पर उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया गया, जब शाहपुर गांव में प्रेम प्रसंग का मामले ने तूल पकड़ लिया।
प्रेमी और दोस्त के साथ मारपीट
मामला तब शुरू हुआ जब लड़की करीना खुद अपने प्रेमी अमर बहादुर से मिलने उसके घर पहुंची थी। जैसे ही इसकी भनक लड़की के परिवार वालों को लगी, तो उसके परिजन रमेश कुमार, राजेश कुमार, महेश कुमार, अजय कुमार और विजय कुमार समेत परिवार के कई लोग आगबबूला होकर अमर बहादुर के घर पहुंच गए। दबंगों ने प्रेमी अमर बहादुर और बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त सोनू निगम को भी नहीं बख्शा और दोनों को बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया।
प्रेमी ने सबके सामने भरी मांग
हालांकि मारपीट की इस घटना के बाद जो हुआ उसने सबको हैरान कर दिया। परिवार वालों का यह खलनायक वाला रूप देखकर लड़की करीना का गुस्सा फूट पड़ा और उसने सबके सामने उसी वक्त शादी करने का अटल फैसला कर लिया। खून से लथपथ और घायल अवस्था में पड़े अमर ने भी बिना एक पल गंवाए सबके सामने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भर दिया और उसे अपनी अर्धांगिनी बना लिया।
अस्पताल में भर्ती घायल प्रेमी
प्रेमी जोड़े का यह अनोखा अंदाज और जज्बा अब चर्चा का विषय बन गया है। घायल अमर बहादुर को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी प्रेमिका से पत्नी बनी करीना साए की तरह उसकी देखभाल कर रही है। करीना का कहना है कि वे दोनों पिछले छह सालों से एक-दूसरे से बेइंतिहा मोहब्बत करते हैं और 9 फरवरी को पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुके हैं।
परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
करीना के मुताबिक परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, लेकिन आज इन दोनों ने बिना किसी बैंड-बाजे के खून और संघर्ष के बीच सात जन्मों के बंधन में बंधकर एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसम खा ली है। इस प्रेमी युगल ने इस खूनी हमले और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। (इनपुट- बृजेश मिश्रा)
यह भी पढ़ें-








