एशियाई शेरों के लिए प्रसिद्ध गिर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है और काफी वायरल हो रहा है। ऊना तालुक के पातापुर गांव में एक किसान शेर, शेरनी और उनके शावकों से महज 5 फीट की दूरी पर बेखौफ चलता दिखा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें किसान मसरीभाई को सिंह परिवार के पीछे सिर्फ 5 फीट की दूरी पर चलते देखा गया। शेर के जोड़े शावकों के साथ घर की ओर निडर होकर चलते किसान के दृश्य कैमरे में कैद किए गए।
पातापुर में शेरों का स्थायी निवास
गौरतलब है कि, लोगों की मानें तो पातापुर गांव में शेरों का स्थायी निवास फिर भी मानव हमले की कोई घटना सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि, महिला सरपंच अरुणाबेन चोदावडिया ने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गांव में 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। ये भी बताया जा रहा है कि, गिर नेशनल पार्क और आसपास के क्षेत्रों में शेरों की संख्या बढ़ने के साथ वे गांवों और खेतों में भी घूमने लगे हैं। कई जगहों पर शेर मवेशियों का शिकार करते हैं, जिससे कभी-कभी तनाव बढ़ता है। वन विभाग गांवों में गश्त बढ़ा रहा है और जागरुकता अभियान चला रहा है।
शेर दिखने पर बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
- शेर दिखने पर शांत रहें, भागें नहीं और आंख से आंख न मिलाएं, धीरे-धीरे पीछे हटें।
- बच्चों और बुजुर्गों को अकेला बाहर न छोड़ें। रात में घर से बाहर न निकलें।
- मवेशियों को सुरक्षित बाड़े में रखें और रात में घर के अंदर बांधें।
- शेर दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। उनके पास जाकर फोटो या वीडियो न बनाएं।
- खेतों में काम करते समय समूह में रहें और शोर मचाकर सतर्क रहें।
- कचरा और मांस के अवशेष खुले न छोड़ें, इससे शेर आकर्षित होते हैं।
बता दें कि, वन अधिकारियों का ऐसा कहना है कि शेर आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते, जब तक उन्हें खतरा महसूस न हो। फिर भी सतर्कता जरूरी है। पाटापुर जैसी घटनाएं दिखाती हैं कि सही व्यवहार से सहअस्तित्व संभव है, लेकिन सुरक्षा हमेशा प्राथमिकता होनी चाहिए।
(गिर सोमनाथ से मितेश परमार की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें –
टाइगर रिजर्व और लॉयन सफारी में क्या अंतर है, बड़े-बड़े घुमक्कड़ों को भी नहीं पता; मगर आप जान लें








